मंदसौरः पीएम कॉलेज आफ एक्सीलेंस में गांधी जयंती पर माल्यार्पण एवं श्रमदान किया
मंदसौर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा ह्यसेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा ह कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गांधी उद्यान परिसर में माल्यार्पण एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा के विचारों को स्मरण किया गया। इसके पश्चात रासेयो स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने गांधी उद्यान परिसर में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. एस. दुबे ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। गांधी जयंती केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
जिला संगठक एनएसएस एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार आर्य ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एवं ह्यस्वच्छता ही सेवा हैह्ण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रासेयो स्वयंसेवकों में सेवा, श्रमदान, स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ऊषा अग्रवाल, कार्यक्रम अधिकारी एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. ललिता लोधा, जूलॉजी विभागाध्यक्ष सिद्धार्थ बरोड़ा, बायोटेक्नोलॉजी विभागाध्यक्ष संदीप सोनगरा, संजय भाटिया, डॉ. कपिल खरे, प्रहलाद भट्ट सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

