अंबाह के तोरकुंभ गांव में सोते समय किसान की हत्या, मौके से दो कारतूस बरामद

WhatsApp Channel Join Now
अंबाह के तोरकुंभ गांव में सोते समय किसान की हत्या, मौके से दो कारतूस बरामद


मुरैना, 4 सितम्बर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में पिनाहट रोड स्थित तोरकुंभ गांव में किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 46 वर्षीय विवेक शर्मा के रूप में हुई है। विवेक अपने घर की छत पर बने कमरे में अकेले सो रहे थे। पुलिस के अनुसार मृतक की मौत गोली लगने से होना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि गुरूवार सुबह करीब 6 बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत अंबाह थाना पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से तीन कारतूस बरामद हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरैना से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। मृतक की मां शीला देवी ने बताया कि रात करीब 03 बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो मैं दरवाजा खोलकर बाहर निकली। फिर बाहर इधर उधर देखा तो कोई दिखाई नहीं दिया तो फिर अंदर आकर सो गई। सुबह करीब 06 बजे जगी तो बहू भी ऊपर बेटे को चाय देने पहुंची तब पता चला कि बेटे के सिर में गोली लगी है। तब घर के अन्य लोगों को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार मृतक विवेक शर्मा मकान की छत पर बने जिस कमरें में सो रहे थे उसमें दोनों तरफ दरवाजे है। जिसमें एक ओर छत पर दरवाजा खुलता है तो दूसरी ओर कमरे के बाहर बालकनी में खुलता है। वहीं छत भी बगल में बने मकानों की छत से आपस में मिली हुई है जहां से कोई भी व्यक्ति आसानी से आ जा सकता हैं। अब पुलिस भी सभी जगहों की बारीकी से जांच कर रही है कि अगर मृतक विवेक की हत्या हुई है तो आरोपी किस रास्ते से छत तक पहुंचे थे। पुलिस ने मौके वारदात से दो चले हुए कारतूस भी बरामद किए हैं यह पुलिस के लिए जांच का विषय है। यदि गोलियां चली है तो हत्या को नकारा नहीं जा सकता है । क्योंकि यदि कोई आत्म हत्या के इरादे से गोली चलाता है तो उसके हाथ से दूसरी गोली चल पाना संभव नहीं है।

हत्या के समय पशुओं के बाड़े में सो रहे थे बृद्ध पिता -

घटना के समय मृतक विवेक के पिता रामदत्त शर्मा घर के पास बने पशुओं के बाड़े में सो रहे थे वहीं मृतक के बड़े भाई कुलदीप शर्मा खेत पर बने कुएं पर सोने जाते थे। घर में केवल मृतक की पत्नी मां और बेटे बेटियां ही थी जो नीचे कमरे में सो रही थी वहीं मृतक विवेक शर्मा अकेला छत पर बने कमरे में सो रहा था। पुलिस भी मान रही है कि हत्या की कहानी उलझी हुई है इसे सुलझाने में समय लग सकता है।

मुरैना एएसपी सुरेन्द्र पाल सिंह डाबल का कहना है कि अंबाह कस्बे के पिनाहट रोड पर स्थित तोरकुंभ गांव में एक किसान को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के सिर में गोली लगी है। मौके पर जांच के लिए एफएएसल टीम भी पहुंची थी। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजन ने भी घटना को लेकर कुछ विशेष नहीं बताया है। घटना के असल कारण जांच के बाद ही ज्ञात हो सकेंगे।

हिन्‍दुस्‍थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766333 Articles

Share this story