मंदसौर कलेक्टर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनी

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर कलेक्टर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनी


मंदसौर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर एक फर्जी आईडी बनाई गई है। इस आईडी के जरिए लोगों से पैसों की मांग की जा रही है। मंगलवार देर रात इस मामले का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर दिव्यांक सिंह के नाम से बनी यह फेसबुक प्रोफाइल और मोबाइल नंबर 7838116357 उनका आधिकारिक अकाउंट या नंबर नहीं है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे किसी भी फेसबुक अकाउंट, फ्रेंड रिक्वेस्ट, व्हाट्सएप मैसेज या कॉल पर भरोसा न करने और किसी भी स्थिति में धनराशि या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें कलेक्टर के नाम से बने फर्जी अकाउंट या दिए गए नंबर से कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर सेल को दें। इससे साइबर ठगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने नागरिकों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने संदिग्ध संदेशों पर विश्वास न करने और बिना सत्यापन के कोई भी भ्रामक जानकारी साझा न करने की सलाह दी है। प्रशासन ने जोर दिया है कि साइबर ठगी से बचाव के लिए सतर्कता ही सबसे प्रभावी उपाय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story