आगरमालवाः पीआईबी द्वारा वार्तालाप का हुआ आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः पीआईबी द्वारा वार्तालाप का हुआ आयोजन


आगरमालवा, 17 मार्च (हि.स.)। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों तथा योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाने एवं भारत-2047 विषय पर मध्य प्रदेश के आगरमालवा में मंगलवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) भोपाल द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला वार्तालाप का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए क्षैत्रिय विधायक मधु गेहलोत ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछले अनेक वर्षों में सड़क ,बिजली, यातायात, सिंचाई और ग्रामीण विकास सहित ऐसे अनेक मानक हैं, जिन पर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने जमीनी स्तर पर अच्छा असर दिखाया है। श्री गेहलोत ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं ने समाज में विकास के नए सोपान गढ़े हैं और इनका असर स्पष्ट रूप से समाज में दिखाई देता है।

वार्तालाप में शुभारंभ सत्र के अवसर पर उपस्थित अपर कलेक्टर आरपी वर्मा ने कहा कि शासन-प्रशासन का सदैव यह प्रयास रहता है कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतरीन तरीके से हो और साथ ही साथ उन योजनाओं की जानकारी आम जनता तक भी पहुंचे ताकि वह इनका अच्छी तरह से लाभ उठा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक तरुण सेन ने कहा कि कोविड काल के बाद मीडिया का स्वरूप काफी बदल गया है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक मीडिया के स्थान पर डिजिटल मीडिया अब समाज में गहरी पकड़ बना रहा है। अनेक ऐसे विषय और मुद्दे होते हैं जिन पर राष्ट्रीय मीडिया का ध्यान बाद में जाता है लेकिन डिजिटल मीडिया अपनी सक्रियता के कारण उन मुद्दों को आम जनता तक आसानी से पहुंचा देता है। श्री सेन ने कहा कि इस प्रकार के वार्तालाप जैसे कार्यक्रम निश्चित ही सरकार और मीडिया के बीच में एक सेतु का काम करते हैं ।

कार्यक्रम में विषय वस्तु प्रतिपादित करते हुए स्वागत उद्बोधन में पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के निदेशक मनीष गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और निर्णय के बारे में जानकारी मीडिया तक आसानी से पहुंच सके यह प्रयास पीआईबी द्वारा पूरी सजगता के साथ किया जाता है। श्री गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार का सदैव यह प्रयास रहता है कि योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ जन जागरूकता के माध्यम से जानकारी समाज के निचले वर्ग तक अवश्य पहुंचे।

कार्यक्रम में वीबीजीरामजी, आयुष्मान, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, मुद्रा योजना, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग से संबंधित, महिला एवं बाल विकास विभाग, कम्युनिटी रेडियो सहित विभिन्न विषयों के वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।

कृषि विभाग के उपसंचालक विजय चौरसिया ने बताया कि कृषि विभाग के विभिन्न प्रयासों के माध्यम से जिले में महत्वपूर्ण लक्ष्य अर्जित किए जा रहे हैं। श्रीचौरसिया ने कहा कि प्राकृतिक खेती के विषय में आगरमालवा में बहुत अधिक कार्य किया जा रहा है, इसमें किसानों को आर्थिक मदद भी प्रोत्साहन के रूप में दी जा रही है। वार्तालाप कार्यक्रम में वीबीजीरामजी को लेकर परियोजना अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, आयुष्मान भारत के विषय में डॉ. हरीश आर्य, महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी परियोजना अधिकारी श्रीमती मनीषा चौबे, केंद्र सरकार की वित्तीय योजनाओं के विषय में लीड ब्रांच मैनेजर श्रीकांत सक्सेना सहित विभिन्न वक्ताओं ने जानकारी दी।

कम्युनिटी रेडियो के बारे में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो के विशेषज्ञ परेश उपाध्याय ने विस्तार से बताया। इस वार्तालाप कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी अपने सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन पत्र सूचना कार्यालय भोपाल के सहायक निदेशक अजय प्रकाश उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम का आभार पीआईबी भोपाल के पंकज ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story