झाबुआ: बाल विवाह के खिलाफ द्रढ़ संकल्पित हीमा की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टार ने की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
झाबुआ: बाल विवाह के खिलाफ द्रढ़ संकल्पित हीमा की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टार ने की सराहना


झाबुआ, 22 नवंबर (हि.स.)। इंग्लैंड के प्रसिद्ध पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी और यूनिसेफ के सद्भावना राजदूत डेविड बेकहम ने विश्व बाल दिवस पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले की हीमा निनामा द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के खिलाफ उठाए गए साहसिक कदम की सराहना करते हुए हीमा की कहानी साझा की है, बेकहम ने उसके साहस और दृढ़ संकल्प को रेखांकित करते हुए हीमा के माध्यम से दुनिया को संदेश दिया है कि बेटियों को सही समय पर सहयोग और अवसर मिलें, तो वे अपने भविष्य के फैसले स्वयं लेने में सक्षम हैं।

विश्व बाल दिवस, 20 नवंबर पर डेविड बेकहम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीमा की कहानी साझा करते हुए कहा कि यूनिसेफ के साथ पिछले 20 वर्षों के कार्य अनुभव में उन्होंने देखा है कि उचित सहयोग मिलने पर लड़कियां नेतृत्व कर सकती हैं, आगे बढ़ सकती हैं और अपने जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकती हैं। उन्होंने हीमा के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षकों की सहायता से उसने अपना बाल विवाह रुकवाया और अब वह दूसरी लड़कियों का भविष्य संवारने का सपना देख रही है।

बेकहम ने बाल अधिकारों की रक्षा के लिए यूनिसेफ और उसके सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों और किशोरियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

यूनिसेफ ने भी दुनिया के सामने रखी हीमा की कहानी

यूनिसेफ इंडिया ने भी हीमा के साहस और संघर्ष पर एक लघु डॉक्यूमेंट्री तैयार कर उसकी कहानी साझा करते हुए दुनिया के सामने रखी है। यूनिसेफ की टीम ने झाबुआ पहुंचकर उसके विद्यालय और गांव में उसकी प्रेरक यात्रा को कैमरे में दर्ज किया, और दर्शाया कि हीमा पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय है।

हीमा के साहस की सराहना करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने भी एक वक्तव्य जारी कर हीमा के साहस की सराहना की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सरकार बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन और कानूनी प्रावधानों के सख्ती से पालन के साथ बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और भविष्य के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल बाल विवाह रोकना नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें हर बेटी निर्भय होकर अपनी शिक्षा पूरी कर सके और अपने जीवन के निर्णय स्वयं ले सके।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, समुदायों और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बेटियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, शिक्षा के महत्व और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हीमा जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं। झाबुआ की बेटी के साहस को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना प्रदेश की अन्य बालिकाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।

उल्लेखनीय है कि झाबुआ जिले के बरखेड़ा गांव की रहने वाली हीमा निनामा ने उस समय बाल विवाह का विरोध किया, जब वह कक्षा 11वीं में अध्ययनरत थी। परिवार ने कम उम्र में उसका विवाह तय कर दिया था, लेकिन हीमा अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी। उसने साहस दिखाते हुए विवाह से इनकार किया और अपने विद्यालय के शिक्षकों से सहायता मांगी। कल्याणपुरा स्थित सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य जी.पी. ओझा और अन्य शिक्षकों ने परिवार को बाल विवाह के दुष्परिणामों और बालिका शिक्षा के महत्व के बारे में समझाया। शिक्षकों के प्रयासों और हीमा के दृढ़ संकल्प से उसका विवाह रुक गया, और हीमा ने अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए कक्षा 11वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह कक्षा 12वीं की छात्रा है और भविष्य में शिक्षक बनकर अन्य बेटियों को शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता की राह दिखाना चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781611 Articles

Share this story