उज्जैनः युवती पर सनकी आशिक का जानलेवा हमला, कुछ ही देर में पकड़ाया आरोपी

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः युवती पर सनकी आशिक का जानलेवा हमला, कुछ ही देर में पकड़ाया आरोपी


उज्जैन, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के माधव क्लब के पास स्थित दवा बाजार में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक ने अपनी परिचित युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने युवती पर एक दर्जन से अधिक बार चाकू से वार किए, जिससे युवती के पेट, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। युवती को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।

वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को दबोच लिया। वह पुलिस से बच कर भाग रहा था, लेकिन दीवार से गिरकर उसका एक पैर टूट गया है। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि गुनगुन उर्फ पूजा (19) पुत्री रवि रजक निवासी बापू नगर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। पढ़ाई के साथ वह पिछले 8 महीने से दवा बाजार में वह दयाल फार्मा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में भी काम कर रही है। शुक्रवार सुबह वह नौकरी पर जाने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही वह दवा बाजार के मुख्य प्रवेश गेट के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद सुनील (20) पुत्र लालराम जारोलिया निवासी ग्राम डेंडिया ने उसे रोक लिया। पूजा ने उसे ऐसा करने से रोका तो सुनील ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। पूजा बचने की कोशिश करती रही, लेकिन लगातार वार होने से वह सडक़ पर गिर गई।

लोगों को देखकर भाग निकला आरोपीपूजा ने शोर मचाकर मदद मांगी जिसे सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दौडक़र मौके पर पहुंचे। लेकिन लोगों को देखकर सुनील मौके से भाग निकला। लोगों ने तत्काल घायल पूजा को चरक अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रैफर कर दिया गया। पूजा का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद एसपी प्रदीप शर्मा अस्पताल में भर्ती पूजा से मिलने भी पहुंचे। चाकू से हमला करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

इंजीनियरिंग कॉलेज से पकड़ायादिन दहाड़े युवती पर चाकू से हमला करने के बाद नीलगंगा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए चंद घंटों के अंदर आरोपी को इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में घेर लिया। लेकिन सुनील पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास करता रहा। इसी दौरान दीवार से गिर कर उसका एक पैर टूट गया। जिसके कारण पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती करवाया है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्तीप्रारंभिक पूछताछ में सुनील ने पुलिस को बताया कि युवती से इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान हुई थी। दोनों अक्सर चेट किया करते थे। वह उसे अपनी पत्नी मानने लगा था। उसने युवती की मां से फोन पर शादी की बात भी की थी, लेकिन इसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। आरोपी का कहना है कि पिछले दस दिनों से युवती उससे बात नहीं कर रही थी। इसलिए वह बात करने के लिए गया था। उसने युवती को डराने के लिए चाकू निकाला, लेकिन जब वह किसी रिश्तेदार को फोन करने लगी तो गुस्से में उसने हमला कर दिया।

इस संबंध में एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में वह गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई है और फ्रैक्चर की आशंका है। फिलहाल उसका भी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उसके बाद पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story