अनूपपुर: कॉलेज के लिए बस की मांग और सड़क की मांग पर चक्काजाम करने वाले 9 छात्रों पर प्रकरण पंजीबद्ध ,4 घंटे फंसे रहे वाहन

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कॉलेज के लिए बस की मांग और सड़क की मांग पर चक्काजाम करने वाले 9 छात्रों पर प्रकरण पंजीबद्ध ,4 घंटे फंसे रहे वाहन


अनूपपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम में स्थित पुष्पराजगढ़ कॉलेज के छात्रों ने बस चलाने की मांग को लेकर एनएसयूआई के बैनर तले सोमवार को पटना गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने रीवा-अमरकंटक हाईवे पर चक्काजाम प्रदर्शन की वजह से करीब 4 घंटे तक दोनों तरफ गाड़ियां थमी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। जिस पर मंगलवार को नायब तहसीलदार मुकुंद प्रधान की शिकायत पर राजेंद्रग्राम पुलिस ने 9 छात्र नेताओं पर नामजद और कई अन्य लोगों पर प्रकरण पंजीबद्ध किया हैं।

ज्ञात हो कि सोमवार को छात्रों द्वारा प्रर्दशन की सूचना एसडीएम पुष्पराजगढ़ को दी गई थी जिसकी अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद भी छात्रों ने सडक जाम कर 4 घंटे प्रर्दशन किया।

पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे हाईवे जाम करने के आरोप में जिन छात्र नेताओं पर नए कानून (BNS) की धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है, जिसमे जितेन्द्र खाण्डे, प्रहलाद कुमार चंदेल, पंकज कृष्ण रौतेल,संदीप धुर्वे, ऋचा देवी,मनमोहन सिंह,जय दीप मार्को,सत्य पाल चंद्रवंशी एवं वासू तेंदुलकर का नाम शामिल हैं।

ज्ञात हो कि इस सत्र में 17 सितंबर से कॉलेज को पुराने भवन से हटाकर नये भवन में चालू किया गया है। यह नया भवन मुख्य रास्ते से करीब 700 मीटर दूर एक पहाड़ी पर बना है। जहां से कॉलेज तक सही रास्ता न होने और चढ़ाई की वजह से छात्र बस चलाने और पक्की सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं।

कॉलेज की प्रिंसिपल संगीता मसीह ने बताया कि मुख्य रास्ते से कॉलेज तक 14.21 लाख रुपए की लागत से गिट्टी वाली सड़क बनाने की मंजूरी मिल चुकी है और डामर की सड़क बनाकर काम शुरू कराया जाना है। उन्होंने साफ किया कि सरकारी नियम में अलग से बस चलाने का कोई प्रावधान नहीं होता, इसे जनभागीदारी समिति के जरिए ही चलाया जाता है। इस समस्या के हल और बस की व्यवस्था को लेकर छात्रों के साथ बैठकर बात करने की तैयारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story