उज्जैनः वन रक्षक भर्ती परीक्षा का अभ्यर्थी पैदल चलने की जगह बाइक से निकल गया आगे

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः वन रक्षक भर्ती परीक्षा का अभ्यर्थी पैदल चलने की जगह बाइक से निकल गया आगे


उज्जैन, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक युवक वन रक्षक भर्ती परीक्षा के तहत निर्धारित 25 किमी पैदल चलने की बजाय बीच में एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर आगे निकल गया। पीछे चल रही वन विभाग की टीम ने उसे देख लिया और वीडियो बनाकर डीएफओ को दिया। डीएफओ ने चयन समिति को जानकारी दी। चयन समिति ने उसे परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर बैच से बाहर कर दिया।

वन विभाग,उज्जैन के डीएफओ अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को वन रक्षक भर्ती-2026 के तहत पैदल चाल के लिए अभ्यर्थियों को नवलखी बीड़,मनोरंजन पार्क से पंचक्रोशी मार्ग तक जाना था। यह करीब 25 किमी की दूरी थी,जिसे निर्धारित 4 घण्टे में पूरी करना थी। परीक्षा में रविंद्र शर्मा(क्रं.-282) पैदल चलने की बजाय समीप से जा रहे बाइक चालक से लिफ्ट मांगकर आगे निकल गया। घटना के वक्त उसने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। अभ्यर्थियों के पिछे चल रही वन विभाग की टीम की नजर उस पर पड़ी और उन्होने उसका वीडियो बनाकर डीएफओ के पास भेज दिया। उसके सीने पर लिखे क्रमांक-282 से उसकी पहचान करके चयन समिति को अवगत कराया गया,जिसने उसे अयोग्य घोषित कर दिया।

डीएफओ अनुराग तिवारी ने कहाकि रविंद्र के बाइक पर बैठने की जानकारी मिलने पर वीडियो तो बना ही, संबंधित बाइक सवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया। उससे यह जानकारी निकाली जा रही है कि उसने लिफ्ट जानबुझकर दी थी या रास्ते चलते मांगने पर यूं ही दे दी। उन्होने बताया कि रविंद्र ने माफी भी मांगी और खराब स्वास्थ्य होने का दावा किया लेकिन नियमों का उल्लंघन करने पर उसे चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story