मंदसौरः बछड़े का कटा सिर और पैर मिलने पर हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में गुरूवार को उस समय एक दम से माहौल खराब हो गया, जब नगर के बीचों बीच जीवागंज क्षेत्र में गाय के बछड़े का कटा सिर और पैर मिला। बताया गया कि काटा गया बछड़ा दस से 15 दिनो का ही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गये और चक्काजाम कर दिये जिसके बाद मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन के बड़े अधिकारी भी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

मंदसौर में 13 दिनों के भीतर दूसरी बार गौवंश के अवशेष मिलने से तनाव की स्थिति बनी। गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे शहर के नयापुरा से सटे जीवागंज क्षेत्र में श्रीमती साड़ी सेंटर के पास गौवंश का कटा हुआ सिर और एक पैर मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और समाजजन बड़ी संख्या में माहेश्वरी धर्मशाला के ठीक सामने नयापुरा रोड पर एकत्रित हो गए और चक्का जाम कर सड़क पर बैठ गए। इसके चलते नयापुरा रोड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। चक्काजाम के निकट नयापुरा रोड में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंच गया। एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल, एसडीएम शुभम पाटीदार, सीएसपी जितेन्द्र भास्कर, तहसीलदार पंकज जाट, वायडी नगर थाना प्रभारी शिंवाशु मालवीय पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे।

अधिकारियों ने विश्व हिंदू परिषद के नेताओं व कार्यकतार्ओं से चर्चा की। विहिप के हेमंत बुलंचदानी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग और कहा कि नगर में जितने भी बूचडखाने है वहां पर सीसीटीवी लगायें जायें और उनकी निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से हो। विहिप के कार्यकर्ताओं ने मांग कि यदि 24 घटे में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 7 फरवरी को मंदसौर नगर बंद किया जायेगा। गौरतलब है कि इससे पहले 23 जनवरी को मंदसौर जिले के ग्राम हैदरवास में भी गौवंश के अवशेष मिलने पर तनाव की स्थिति बन गई थी। हैदरवास, मौजूदा घटनास्थल जीवागंज क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है। कम दूरी के भीतर 13 दिनों में दो बार ऐसी घटनाएं सामने आने से आक्रोश और चिंता दोनों बढ़ गई हैं।

मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधिकक्ष तेरसिंह बघेल ने बताया कि स्थिति पूरी नियंत्रण में है, सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे है जो भी आरोपी होगा उन्हें जल्द पकड़ लिया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story