ऑपरेशन ‘प्रहार’ की सफलता के बाद रीवा जोन में ‘जन चौपाल अभियान’ की शुरुआत
रीवा, 07 अप्रैल (हि.स.)। ऑपरेशन ‘प्रहार’ की सफलता के बाद पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत अब आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए ‘जन चौपाल अभियान’ शुरू करने जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
आईजी गौरव राजपूत के निर्देशन में रीवा जोन के सभी जिलों—रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर—के थानों में नियमित रूप से जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधिकारी स्वयं गांवों और शहरों में पहुंचकर नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और त्वरित कार्रवाई करेंगे।
सीधा संवाद और त्वरित समाधान पर जोर
जन चौपाल अभियान के तहत पुलिस और जनता के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, मौके पर ही शिकायतों के निराकरण, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान का विशेष फोकस रहेगा, ताकि दूरस्थ इलाकों के लोगों को भी न्याय मिल सके।
आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चौपाल में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी
आईजी ने जानकारी दी कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच जोन के सभी जिलों में अवैध शराब के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 11,132 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 83 लाख 71 हजार 564 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान 171 दोपहिया वाहन जब्त किए गए और 11,333 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जनता के साथ, जनता के लिए पुलिस
पुलिस का कहना है कि ‘जन चौपाल अभियान’ के माध्यम से अब पुलिस सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझेगी और उनका समाधान करेगी। इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पुलिस-जनता के बीच विश्वास को नई मजबूती मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

