मुरैना: मकान तोड़े जाने से आक्रोशित कुशवाह समाज ने किया प्रदर्शन

-मामला सटोरिये पर कार्यवाही के दौरान हुए पुलिस पर हमले का
मुरैना, 24 नवंबर (हि.स.)। पुलिस प्रशासन द्वारा सट्टेबाज सुखराम कुशवाह के मकान पर बुलडोजर चलाने एवं पुलिस दल पर हमला करने वालों पर मामला दर्ज करने से कुशवाह समाज में आक्रोश है। इसी के चलते गुरुवार को कुशवाह समाज के लोगों ने पुरजोर विरोध किया और सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर सड़कों पर निकल आए तथा हाईवे को जाम कर दिया। कुशवाह समाज ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा बदले की भावना से कार्रवाई की गई है और लंबे समय से पुलिस वसूली कर रही है।
यहां बता दें कि विगत सोमवार की रात बागचीनी थाना पुलिस ने लोंगट गांव में सुखलाल कुशवाह के घर पर दबिश दी थी। दरअसल पुलिस को ऐसी सूचना थी कि सुखलाल बड़े स्तर का सट्टे का धंधा संचालित करता है। इसी वजह से पुलिस उसके घर पर पहुंची थी। लेकिन जैसे ही पुलिस उसके घर पर पहुंची उसी दौरान सटोरिये के घर की महिलाओं सहित अन्य लोगों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। जिसमें बागचीनी थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस घटना से आक्रोशित पुलिस ने सटोरिये के घर पर बुलडोजर चलवाया था।
पुलिस प्रशासन की इस कार्यवाही से नाराज कुशवाह समाज के लोग एकत्रित होकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद नेशनल हाईवे पर कुशवाह समाज ने जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी लाइनें लग गई, तब पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। वहीं इस पूरे मामले में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि कुशवाह समाज के द्वारा आवेदन दिया गया है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और चक्का जाम करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कुशवाह समाज के लोगों का कहना है कि जिलाधीश के द्वारा आश्वासन दिया गया है कि पुलिस उनको परेशान नहीं करेगी, सभी लोग अपने घर पर जाकर रह सकते हैं। अगर 2 दिन बाद पुलिस अधिकारियों ने दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा व उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।