अनूपपुर: प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या, खेत में मिले शव
अनूपपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जैतहरी थाना अंतर्गत वेंकटनगर में प्रेमी जोड़े का शव राकेश सोनी के खेत में पड़े हुए मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव बुरी तरह से सड़ चुके थे। शनिवार सुबह राकेश सोनी के खेत में धान बोने वाले एक शख्स ने देखा। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जहां तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
पुलिस के अनुसार, वेंकटनगर निवासी 15 वर्षीय युवती और 22 वर्षीय अमन पुत्र गणेश चौधरी निवासी सिंघौरा 17 अक्टूबर की रात 12 बजे घर से गायब थे। अमन अपने बुआ के यहां किराए के मकान में रहता था। दोनों का ही प्रेम प्रसंग पहले से ही चल रहा था। दोनों के घरवालों को भी इस बारे में जानकारी थी। कई बार घर वालों ने दोनों को ही दूर रहने की समझाइश दे चुके थे।
लड़की पक्ष के लोगों ने युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 अक्टूबर को थाने में दर्ज कराई। पुलिस जांच में जुटी थी। तभी राकेश सोनी के खेत में काम करने वाले एक शख्स ने दोनों की लाश देखी। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची वेंकटनगर पुलिस ने मौका पंचनामा तैयार कर साक्ष गवाह के कथन उपरांत शवों को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वेंकटनगर में पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंपते हुए आगे की विवेचना में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि शव बुरी तरह से सड़ चुका था, कीड़े पड़ गए थे, जानवरों में भी शव को नोच लिया था। जिसके कारण शरीर के कई हिस्से अलग-अलग दिशा में फैले हुए थे। खेत के बगल में झाड़ियों होने के कारण दोनों का शव किसी ने भी नहीं देखा। लोगों ने बताया कि जानवरों ने ही शव को खींच कर ऊपर लेकर आए। अनुमान लगाया जा रहा है कि 17 की रात कि दोनों ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। शरीर को किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं हैं। फिलहाल पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही और आगे की जांच कर रही हैं। घर वालों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि लड़की के पिता की 2 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसके दादा बजरंग प्रसाद रविदास ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश शुक्ला

