गुना : बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर लड़की के दरवाजे से लौटी बारात

गुना : बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर लड़की के दरवाजे से लौटी बारात


गुना, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर में दहेज लोभियों के कारण एक बेटी विदा नहीं हो पाई। उन्होंने फेरों के पहले ऐसी मांग रख दी, जिसे पूरा करना लड़की वालों के लिए संभव नहीं था। उन्होंने लड़के वालों के हाथ-पैर जोड़े, लेकिन लड़के वालों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने लड़की के भाई से तक मारपीट कर दी। आखिरकार बिना दुल्हन को लिए ही बारात वापस लौट गई। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने लड़के और उसके पिता पर दहेज एक्ट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

यह था मामला

बीती रात को शहर में आयी एक बारात बिना दुल्हन को लिए वापस लौट गई। लड़की वालों का आरोप है कि निकाह पढ़ा जाने के बाद भी लड़के वाले दुल्हन की विदाई कर नहीं ले गए। निकाह पढ़ा जाने के बाद लड़के वालों ने दहेज की मांग कर दी। उन्होंने गाड़ी और पैसों की मांग की। लड़की के पिता ने कहा कि वह इतनी जल्दी कहाँ से पैसे और गाड़ी लेकर आये। इसके बाद लड़के के पक्ष ने लड़की वालों पर हमला बोल दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह सब भाग गए। नूर जहां (22) निवासी राघोगढ़ की शादी फरहान(24) पुत्र उमर राइन निवासी कर्नल गंज के साथ तय हुई थी। लगभग 3 महीने पहले सगाई हुई थी। श्रीराम गार्डन में शादी का कार्यक्रम होना था। गुरुवार दोपहर को बारात गार्डन में पहुंच गई। कार्यक्रम शुरू हो गए थे। मेहमान खाना खा रहे थे। उधर शादी की रस्में भी शुरू हो गयी थीं। निकाह भी पढ़वा लिया गया था।

कर दी बुलेट की मांग

निकाह पढ़ा जाने के बाद लड़के की मां और पिता ने दहेज की मांग की। लड़के के परिवार वाले सभी व्यवस्थाओं में खामी निकालने लगे। 50 हजार की डिमांड लड़के ने की। उसके परिवार वालों ने बुलेट गाड़ी और सोने-चांदी के गहने मांगे। लड़की के पिता ने कहा एन वक्त पर ये सब कहाँ से लाएं। हम मजदूरी करते हैं। 200-250 रुपये रोजाना कमाते हैं। बमुश्किल घर का खर्च चल पाता है। इसके बाद लड़के वाले बोले कि इतना पैसा देना ही पड़ेगा, नहीं तो हम विदाई नहीं कराएंगे। इसके बाद लड़के वालों ने लड़की के भाई पर हमला कर दिया। उसकी गाड़ी से तोड़-फोड़ कर दी। लड़ाई झगड़े होने पर पुलिस को सूचने दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़की वाले दुल्हन को लिया बिना वहां से भाग गए।

कोतवाली में रही गहमा-गहमी

लड़की के परिजन मामले की शिकायत करने कोतवाली पहुंचे। बड़ी संख्या में लड़की पक्ष के लोग यहां पहुंच गए। लड़की भी दुल्हन की ड्रेस में ही थाने पहुंची। वह कार में बैठी रही। पहले उसके भाई ने शिकायती आवेदन दिया, लेकिन बाद में लड़की खुद भी कार से उतरकर कोतवाली में अंदर गयी और उसी ने लड़के के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने उसका और उसके भाई का मेडिकल भी कराया। काफी देर तक कोतवाली में हंगामा चलता रहा। थाना प्रभारी मदनमोहन मालवीय ने बताया कि लड़की की रिपोर्ट पर लड़के और उसके पिता के खिलाफ दहेज एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिषेक

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story