मप्रः कॉमेडी आर्टिस्ट अशोक सुंदरानी का निधन, मुख्यमंत्री शिवराज ने व्यक्त किया शोक
भोपाल, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद निवासी राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि, लाफ्टर चैलेंज फेम कॉमेडी आर्टिस्ट अशोक सुन्दरानी हमारे बीच नहीं रहे। शनिवार को दोपहर में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। वे लम्बे समय से कैंसर की बीमारी से लड़ रहे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
कैंसर की बीमारी से जूझ रहे अशोक सुंदरानीका करीब चार महीने मुम्बई में इलाज चला। शनिवार को उनकी अचानक तबियत बिगड़ने पर उन्हें सतना के बिरला हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां दोपहर 1.40 बजे उन्होंने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से प्रख्यात कॉमेडी आर्टिस्ट और कवि अशोक सुंदरानी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि सुंदरानी ने देश-विदेश में अनेक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत सुंदरानी की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजन को यह दु:ख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक

