अनूपपुर : सड़क हादसों में 6 वर्ष में 877 लोगों की मौत, कलेक्टर ने ब्लैक स्पॉट सुधारने, आवारा मवेशी हटाने के निर्देश दिए

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर : सड़क हादसों में 6 वर्ष में 877 लोगों की मौत, कलेक्टर ने ब्लैक स्पॉट सुधारने, आवारा मवेशी हटाने के निर्देश दिए


अनूपपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में 2021 से सितंबर 2026 तक के सड़क हादसों के आंकड़ों की समीक्षा की। इसमें 2021 से अब तक 877 से ज्यादा लोगों की मौत का आंकड़ा सामने आया है।

कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्य जल्द पूरे करने और सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए। इससे पूर्व बुधवार को कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी, नगरीय निकायों और एमपीजीएसवाई के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए थे।

6 वर्ष में 877 लोगों की मौत

आंकड़ों के अनुसार 6 वर्षो में 877 लोगों की मौत हुई हैं। वर्ष 2021 में 341 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 145 लोगों की मौत हुई और 136 गंभीर रूप से घायल हुए। वर्ष 2022 में 313 हादसों में 141 लोगों की जान गई और 97 गंभीर रूप से घायल हुए। वर्ष 2023 में 321 दुर्घटनाओं में 157 मौतें दर्ज की गईं और 96 लोग घायल हुए। वर्ष 2024 में 341 सड़क हादसों में 178 लोगों की मौत हुई, जबकि 92 लोग घायल हुए। वर्ष 2025 में 350 दुर्घटनाओं में 160 लोगों की जान गई और 96 गंभीर रूप से घायल हुए, वर्ष 2026 में सितंबर तक 220 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 96 लोगों की मौत हुई और 278 लोग घायल हुए।

चार ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

कलेक्टर ने जिले के 4 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर लंबित सुधार कार्यों की समीक्षा की। इनमें बदरा तिराहा (भालूमाड़ा), शुक्ला ढाबा के सामने (कोतमा), डोंगरिया तिराहा (बिजुरी) और हाईस्कूल के सामने ग्राम बकही (चचाई) शामिल हैं। उन्होंने इन जगहों पर पर्याप्त रोशनी, संकेतक बोर्ड, रोड मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, रोड स्टड और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पसला ढाबा के पास सड़क की दृश्यता बाधित करने वाली झाड़ियों को तत्काल हटाने को कहा गया। फुनगा में एनएच-43 पर क्षतिग्रस्त डिवाइडर रेलिंग पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव बोर्ड लगाने और साधा तिराहा पर लाइट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

आवारा पशुओं को कांजी हाउस पहुंचाने के निर्देश

सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े को दुर्घटनाओं का एक कारण मानते हुए कलेक्टर ने इन्हें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर कांजी हाउस या सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा। अपर कलेक्टर बलवीर रमन को इस काम की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। नगरीय निकायों को सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूलों में हर सप्ताह दिलाई जाएगी सड़क सुरक्षा की शपथ

कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके तहत हर सप्ताह विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने स्कूली बसों की फिटनेस, वाहनों की यांत्रिक स्थिति और जरूरी दस्तावेजों की सख्ती से जांच करने को कहा। पुलिस थानों के माध्यम से भी जमीनी स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story