मंदसौर: रिहायशी इलाके में घुसा 7 फीट लंबा मगरमच्छ, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 05 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम दोबड़ा में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 7 फीट लंबा एक मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। देर रात गांव की सड़कों पर उसे घूमते देख ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते समय रहते विभाग को सूचना मिल गई, जिससे संभावित खतरे को टालने में मदद मिली।

मंदसौर वन मंडल की टीम ने प्रभारी पुष्कर मालवीय के नेतृत्व में वन रक्षक जितेंद्र सिंह पंवार, कादर गोंदिया और सहयोगी दीपक नगर के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद मंगलवार अल सुबह उसे चंबल बैकवॉटर क्षेत्र स्थित संजीत नदी में छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी ग्रामीण या मवेशी को नुकसान नहीं पहुंचा। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव रिहायशी क्षेत्र में दिखाई दे तो घबराएं नहीं और खुद से उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story