चंदेरी का सिविल अस्पताल वर्तमान स्थल पर ही बनाया जाएगा: ज्योतिरादित्य सिंधिया
चंदेरी, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय संचार तथा पूर्वोत्तर राज्य विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को अशोकनगर जिला कलेक्ट्रेट में दिशा की मीटिंग के पश्चात मीडिया से बातचीत में कहा कि चंदेरी का 30 से 50 बिस्तर उन्नयन होने वाला सिविल अस्पताल वर्तमान स्थल पर ही बनाया जाएगा। इस प्रकार का निर्णय हमने लिया है।
सिंधिया ने बताया कि वर्तमान स्थल शहर के बीचो-बीच है और स्थल उपयुक्त है, इसी वर्तमान स्थल पर ही अस्पताल का विकेंद्रीकरण, सुद्धणीकरण एवं विस्तार किया जाएगा, जिसका प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया गया है,जिसकी स्वीकृति मिलने के पश्चात निर्माण प्रारंभ किया जावेगा।
सिंधिया के द्वारा लिए गए इस निर्णय पर चंदेरी के आम नागरिक, महिला मंडल, समाजसेवी, वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों, मीडिया संघ, अभिभाषक संघ एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है और सिंधिया के इस निर्णय को जनहितकारी और सर्वव्यापक हित के लिए माना है, और सांसद सिंधिया को धन्यवाद एवं आभार ज्ञापित किया है।
6 बरसों से अटकी थी अस्पताल की उन्नयन प्रक्रियाज्ञातव्य हो कि चंदेरी के सिविल अस्पताल के निर्माण का यह मामला पिछले कई वर्षों से विचाराधीन था, स्थल चयन को लेकर कई बार निर्णय किए गए किंतु आम जनता ने जो अपने अभिमत दिए और जो जनता की राय थी कि, हमारा अस्पताल वर्तमान स्थल पर शहर के बीचों बीच ही बने, उस पर बहुत उहापोह चलता रहा किंतु, अंततः क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के द्वारा आम जनता के हित में जो निर्णय पारित किया गया है उससे सभी लोग बहुत प्रसन्न हैं और इस बात से खुश हैं कि उनका अस्पताल वर्तमान स्थल पर ही बनेगा जिससे कि सभी को लाभ मिलेगा अब देखना यह होगा कि आखिर राज्य शासन को भेजा गया प्रस्ताव आखिर कब तक अमल में लाया जाकर अस्पताल का निर्माण प्रारंभ होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Nirmal Kumar Vishwkarma

