उज्जैनः विक्रम उद्योगपुरी-2 में 70 एकड़ जमीन पर 580 करोड़ का निवेश

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः विक्रम उद्योगपुरी-2 में 70 एकड़ जमीन पर 580 करोड़ का निवेश


उज्जैन, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्वीडन कीऑटोमोबाइल कंपनी वॉल्वो ग्रुप और भारत की आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (वीईसीवी) उज्जैन में एक और बड़ा औद्योगिक निवेश करने जा रही है।

कंपनी को यूनिट के विस्तार के लिए विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में भी 70 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां लगभग 580 करोड़ रु. के निवेश से अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। इसके बाद उज्जैन में वॉल्वो के बस और ट्रक बनने लगेंगे।

बताया गया है कि इस नए प्लांट में गियर, एक्सल असेंबली, ट्रांसमिशन और अन्य ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 1000 लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। साथ ही इस निवेश से उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में हजारों लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे। ऑटो पार्ट्स सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, मशीन मेंटेनेंस, सुरक्षा और कैंटीन जैसी सहायक सेवाओं में स्थानीय युवाओं और छोटे उद्यमियों को काम मिलने की संभावना है। इससे विक्रम उद्योगपुरी के आसपास छोटे-मध्यम उद्योगों की नई सप्लाई चेन विकसित हो सकेगी। इन उद्योगों के आने से उज्जैन से रोजगार के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन खत्म होगा।

उज्जैन के विकास के लिए महती प्रोजेक्टएमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने सोमवार को बताया कि विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में वीई कमर्शियल व्हीकल्स जैसी वैश्विक कंपनी का निवेश उज्जैन के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनेंगे और विक्रम उद्योगपुरी क्षेत्र में ऑटोमोबाइल एवं सहायक उद्योगों के विकास को गति मिलेगी। एमपीआईडीसी द्वारा निवेशकों को बेहतर औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story