अनूपपुर: चक्कर आने से सड़क पर गिरे 58 वर्षीय व्यक्ति की कार की चपेट में आने से मौत
अनूपपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे स्टेशन से सटे मुख्य बाजार क्षेत्र में टहल रहे 58 वर्षीय महेश गुप्ता को अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे की ओर बैक हो रही एक कार का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, महेश गुप्ता वार्ड क्रमांक 7 निवासी बाबूलाल गुप्ता के पुत्र थे और हार्डवेयर की दुकान संचालित करते थे। वह रविवार दोपहर बारिश के बाद मौसम ठंडा होने पर वे टहलने निकले थे। बताया गया कि जिस स्थान पर वे गिरे, उससे कुछ ही दूरी पर एक कार चालक वाहन को पीछे कर रहा था। चालक ने साइड मिरर देखे बिना कार बैक कर दी। इसी दौरान कार का पिछला पहिया महेश गुप्ता के सीने पर चढ़ गया।
कार चालक को पहले लगा कि वाहन के पीछे कोई बड़ा अवरोध आ गया है। नीचे उतरकर देखने पर महेश गुप्ता बेहोशी की हालत में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उठाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद कार चालक उन्हें और उनके परिजनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने प्राथमिक जांच के बाद महेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचाने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे मॉर्चुरी में रखवा दिया है। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।
डॉक्टर के अनुसार महेश गुप्ता को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनकी टी-शर्ट पर टायर के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सीने पर टायर चढ़ने को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल जैतहरी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

