उत्तर पन्ना में 50 हेक्टेयर वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, पूरे क्षेत्र में हुआ मिश्रित पौधारोपण
पन्ना, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पन्ना वन मंडल के धरमपुर वन परिक्षेत्र की बीट भसूड़ा स्थित वन कक्ष क्रमांक पी-16 में वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए वन, राजस्व और पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। अभियान के तहत करीब 50 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके बाद इसी क्षेत्र में कैम्पा मद से स्वीकृत मिश्रित पौधारोपण का शेष कार्य भी पूरा कराया गया।
उत्तर पन्ना वनमंडलाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन और उप वनमंडलाधिकारी विश्रामगंज मनोज सिंह जाटव के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासनिक अमले की संयुक्त मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ।
वन विभाग के अनुसार अतिक्रमण मुक्त कराए गए 50 हेक्टेयर क्षेत्र में कैम्पा मद के तहत मिश्रित प्रजातियों के पौधारोपण का कार्य स्वीकृत था। कार्रवाई के तत्काल बाद शेष पौधारोपण कार्य भी पूरा कराया गया। वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ पौधारोपण होने से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ने और स्थानीय जैव विविधता को संरक्षण मिलने की उम्मीद है।
अभियान में अजयगढ़ के वन परिक्षेत्र अधिकारी हर्ष वर्मा, पन्ना एवं धरमपुर के वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय बाजपेयी तथा अजयगढ़ के प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल ओमकार नाथ मिश्रा सहित तीनों क्षेत्रों का वन अमला मौजूद रहा।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान अजयगढ़ का राजस्व अमला और धरमपुर थाने का पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। सभी विभागों के समन्वय से अभियान को बिना किसी विवाद के पूरा कराया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और पौधारोपण के जरिए हरित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने वन भूमि पर अवैध कब्जे की गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

