कनेरी के विस्थापितों का 48 घंटे चला धरना समाप्त, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए रातभर डटे रहे वन अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कनेरी के विस्थापितों का 48 घंटे चला धरना समाप्त, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए रातभर डटे रहे वन अधिकारी


कनेरी के विस्थापितों का 48 घंटे चला धरना समाप्त, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए रातभर डटे रहे वन अधिकारी


बाघों के विचरण वाले कोर एरिया में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी, आश्वासन के बाद माने ग्रामीण

पन्ना, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र स्थित पूर्व ग्राम कनेरी में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे विस्थापित ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। वरिष्ठ वन अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत तथा समस्याओं के निराकरण का भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस दौरान बाघों के विचरण वाले संवेदनशील कोर क्षेत्र में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल पूरी रात खुले आसमान के नीचे ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2007-08 में ग्राम सभा की सहमति से कनेरी गांव का विस्थापन किया गया था। उस समय पात्र परिवारों को मुआवजा राशि देने के साथ पुखरा क्षेत्र में दो-दो हेक्टेयर कृषि भूमि आवंटित की गई थी। हालांकि, आवंटित जमीन कम उपजाऊ होने की बात कहते हुए अधिकांश ग्रामीणों ने वहां बसने से इनकार कर दिया और छतरपुर जिले के सूरजपुरा सहित अन्य स्थानों पर जाकर रहने लगे। विस्थापितों की समस्या के समाधान के लिए प्रबंधन की ओर से छतरपुर वनमंडल में वनभूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है।

इसी समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीण 19 नवंबर को अपने पुराने ग्राम स्थल कनेरी पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन अमले को सतत निगरानी के निर्देश दिए गए और अधिकारियों ने उनसे लगातार संवाद बनाए रखा।

20 नवंबर को कलेक्टर हर्ष सिंह और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद 21 नवंबर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) डॉ. समीता राजौरा के मार्गदर्शन में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित अधिकारियों का दल कनेरी पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के गंभीरता से निराकरण का भरोसा दिलाया। आश्वासन से संतुष्ट होकर ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

धरना समाप्त होने के बाद टाइगर रिजर्व के वाहनों से सभी ग्रामीणों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया गया। पूरे घटनाक्रम के दौरान न तो कोई अप्रिय घटना हुई और न ही किसी व्यक्ति या वन्यप्राणी को नुकसान पहुंचा।

पार्क प्रबंधन ने विस्थापित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए संवाद का रास्ता अपनाएं और अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाघों के प्राकृतिक रहवास वाले कोर क्षेत्र में प्रवेश करने से बचें।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story