भीषण गर्मी से ओवरहीट हुए बिजली ट्रांसफॉर्मर, ठंडा रखने के लिए लगाए गए कूलर

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मरों पर दबाव बढ़ गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि बड़े ट्रांसफॉर्मरों को ओवरहीटिंग से बचाने के लिए उन पर कूलर चलाकर ठंडा किया जा रहा है।

मंदसौर शहर सहित जिलेभर में इन दिनों बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है। एसी, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के लगातार उपयोग से बिजली लोड में इजाफा हुआ है। तेज गर्मी और बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफॉर्मरों का तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंचने लगा है।

बिजली कंपनी के अनुसार कई बड़े ट्रांसफॉर्मरों में मौजूद ऑयल का तापमान 80 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे ओवरहीटिंग और आग लगने का खतरा बढ़ गया। इसे देखते हुए बिजली कंपनी ने विशेष इंतजाम शुरू किए हैं।

शहर की चंबल कॉलोनी स्थित 33 केवी ग्रिड पर लगे बड़े ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाए गए हैं। कूलर की हवा सीधे ट्रांसफॉर्मर के रेडिएटर पर डाली जा रही है, ताकि ऑयल का तापमान नियंत्रित रहे और बिजली सप्लाई प्रभावित न हो।

केवल चंबल कॉलोनी ही नहीं, बल्कि नूतन स्कूल क्षेत्र सहित शहर और जिले के अन्य स्थानों पर भी ऐसे उपाय किए जा रहे हैं। कई जगहों पर कूलर के साथ टाट की बोरियां लगाकर भी ट्रांसफॉर्मरों का तापमान कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

तेज गर्मी को देखते हुए बिजली कंपनी अलर्ट मोड पर काम कर रही है। ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए लगाए गए कूलर 24 घंटे लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे।

एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री योगेश आठनेरे ने बताया कि हर वर्ष बिजली लोड में वृद्धि हो रही है। इस बार भी करीब 7 से 8 प्रतिशत तक लोड बढ़ा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अधिक तापमान के कारण उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त उपाय करने पड़ रहे हैं। जहां जरूरत महसूस हो रही है, वहां कूलर और टाट की बोरियों के जरिए ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story