अनूपपुर: रक्सा -कोलमी में स्वास्थ्य जांच शिविर में 280 लोगों को मिला स्वास्थ्य परीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: रक्सा -कोलमी में स्वास्थ्य जांच शिविर में 280 लोगों को मिला स्वास्थ्य परीक्षण


अनूपपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम रक्सा एवं कोलमी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों और श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं टोरेंट पॉवर के सहयोग से गुरूवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

कंपनी की सामाजिक सहभागिता के तहत आयोजित इस शिविर में दोनों पंचायत क्षेत्रों के महिला, पुरुष, बच्चों एवं श्रमिकों सहित 280 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। इस दौरान न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सुशीलकांत मिश्रा, सुधाकर पाण्डेय एवं कुलदीप सिंह ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संवाद किया।

कंपनी की ओर से कहा गया कि कार्यक्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करना कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। शिविर में रक्सा सरपंच उमा सिंह, कोलमी सरपंच राजू पनिका, रक्सा उप सरपंच रामकली सिंह, कोलमी उप सरपंच अजय उपाध्याय तथा बीएमओ अनूपपुर डॉ. डी.आर. सिंह श्याम सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

शिविर में जिला स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से भी ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारी से बचाव, स्वच्छता, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

कंपनी की इस पहल से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय मार्गदर्शन की सुविधा प्राप्त हुई। विशेष रूप से ऐसे ग्रामीण, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाना पड़ता है, उन्हें स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने से सुविधा मिली। शिविर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को समय पर जांच कराने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने के लिए भी जागरूक किया।

न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं टोरेंट पॉवर की यह पहल उद्योग और स्थानीय समुदाय के बीच सामाजिक सहभागिता का उदाहरण बनी। कंपनी की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता का लाभ निरंतर पहुंचता रहे।

स्वास्थ्य जांच शिविर को सफल बनाने में चक्रधर मिश्रा, अशोक मिश्रा, मुकेश सिंह, राजाराम सिंह, पंच राम प्रकाश सिंह, हेमराज सिंह एवं विनय मिश्रा सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। दोनों पंचायतों के ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहभागिता कर शिविर को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story