अनूपपुर: अमरकंटक में शासकीय भूमि से हटाए गए22 अतिक्रमण,15 बाड़ियां, 4 झोपड़ियां, 3 कच्चे मकान तोड़े

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: अमरकंटक में शासकीय भूमि से हटाए गए22 अतिक्रमण,15 बाड़ियां, 4 झोपड़ियां, 3 कच्चे मकान तोड़े


अनूपपुर, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक में बुधवार को शासकीय भूमि से 22 अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये की भूमि मुक्त कराई गई। कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर नगर परिषद अमरकंटक और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

नगर परिषद सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि अमरकंटक को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राजस्व विभाग, नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने वार्ड क्रमांक 14 में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। हटाए गए 22 अतिक्रमणों में 15 बाड़ियां, 4 झोपड़ियां और 3 कच्चे मकान शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह अभियान घंटों तक चला। सीएमओ परस्ते ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व में ही अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी, जिसके परिणामस्वरूप नगर परिषद द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जा रहे हैं।

हालांकि, कुछ स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई को एकतरफा बताया है। उनका आरोप है कि नगर में कई स्थानों पर बड़े और स्थायी अवैध निर्माण जारी हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई का निशाना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छोटे घर और बाड़ियां बन रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story