2000 कलश यात्रा के साथ 208 अखंड रामायण पाठ का भव्य शुभारंभ
खाचरोद, 01 अप्रैल (हि.स.)। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मध्य प्रदेश के उज्जैैन जिले के खाचरोद शहर में पहली बार आयोजित 208 अखंड श्री रामायण पाठ महायज्ञ का शुभारंभ बुधवार को भव्यता के साथ हुआ। इस मौके पर निकाली गई विशाल कलश यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत नीलकंठ महादेव मंदिर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई खेड़ापति हनुमान मंदिर स्थित आयोजन स्थल पहुंची। यात्रा में करीब 2000 महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। भगवा ध्वजों और जयघोष के बीच पूरा शहर श्रद्धा और आस्था से सराबोर नजर आया।
कलश यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाचरोद पहुंचने लगे थे, जिससे आयोजन स्थल पर भारी भीड़ देखने को मिली।
अखंड रामायण पाठ का समापन गुरुवार दोपहर को होगा, जिसके बाद यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। वहीं, शाम 5 बजे से भंडारे का आयोजन भी रखा गया है।
इस धार्मिक आयोजन का संयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत और मोती सिंह शेखावत द्वारा किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

