पन्ना में किसानों की चमकी किस्मत, 16.96 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला, अनुमानित कीमत 50 से 80 लाख रुपये
पन्ना, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर किसानों की किस्मत चमका दी है। जिले में निजी भूमि पर हीरा खदान संचालित कर रहे सात किसानों को 16.96 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला है। हीरे की अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख से 80 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है। किसानों ने मंगलवार को हीरा पन्ना स्थित हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
जानकारी के अनुसार पन्ना के सरकोहा क्षेत्र में एक ही परिवार के सात किसान पिछले दो वर्षों से निजी भूमि पर हीरा उत्खनन के लिए पट्टा लेकर खदान संचालित कर रहे थे। सोमवार शाम खदान की चाल के पास मिट्टी के ढेर में उन्हें चमकता हुआ पत्थर दिखाई दिया। जांच कराने पर उसके हीरा होने की पुष्टि हुई। इसका वजन 16.96 कैरेट बताया गया है और इसे जेम क्वालिटी का हीरा बताया जा रहा है।
दो साल से कर रहे थे हीरे की तलाश
पट्टाधारक अखिलेश पाल, निवासी नारंगीबाग पन्ना, ने बताया कि वह अपने साझेदारों के साथ करीब दो वर्षों से खदान में हीरे की तलाश कर रहे थे। जिस चाल की मिट्टी को पहले धुलवाकर उसकी बिनाई की जा चुकी थी, उसमें उस समय हीरा नहीं मिला था। बारिश के मौसम में खदान का जायजा लेने पहुंचे तो मिट्टी के ढेर में उन्हें चमकता हुआ पत्थर दिखाई दिया। बाद में जांच में उसके हीरा होने की जानकारी मिली।
अखिलेश पाल ने बताया कि हीरे को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। अब इसकी नीलामी की जाएगी। नीलामी से प्राप्त राशि में से नियमानुसार रॉयल्टी काटने के बाद शेष राशि सातों साझेदारों के बीच बराबर-बराबर बांटी जाएगी।
बच्चों की शिक्षा और बेटियों की शादी में खर्च करेंगे रकम
किसानों का कहना है कि हीरे की नीलामी से मिलने वाली राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा और बेटियों की शादी में किया जाएगा। हीरा मिलने की खबर से किसान परिवारों में खुशी का माहौल है।
पन्ना की धरती से पहले भी कई बार बेशकीमती हीरे मिल चुके हैं। यहां सामान्य किसान और मजदूर भी हीरे की तलाश में खदान लगाकर अपनी किस्मत आजमाते हैं और कभी-कभी उन्हें ऐसा कीमती रत्न मिल जाता है, जो उनकी आर्थिक स्थिति बदल देता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

