छिंदवाड़ा में गुरुवार को भाजपा की संभागीय बैठक, प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री करेंगे मार्गदर्शन
छिंदवाड़ा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा संभागीय कार्यालय प्रभारी भारत घई ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की संभागीय बैठक गुरुवार, 15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे छिंदवाड़ा के नरसिंहपुर रोड स्थित अग्रवाल पैलेस में आयोजित होगी। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर तथा प्रदेश महामंत्री एवं छिंदवाड़ा संभाग प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी की विशेष उपस्थिति में पदाधिकारियों को मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी एवं पांढुर्णा जिलों के संगठनात्मक विषयों की समीक्षा की जाएगी। इसमें बूथ स्तर तक संगठन की संरचना, सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों, आगामी बैठकों के क्रम, प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास तथा संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी(उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कार्यालय मंत्री, कोषाध्यक्ष), जिले में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, सांसद, विधायक, महापौर, पूर्व सांसद-विधायक तथा पूर्व जिलाध्यक्ष सहित अन्य अपेक्षित पदाधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान जिले की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी, कमजोर मंडलों एवं बूथों की सूची, अन्य राजनीतिक दलों की जिले में गतिविधियों तथा स्थानीय स्तर पर संगठन के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी। इन विषयों के माध्यम से संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

