शहडोल: मरीजों को ले जाने वाली 108 एंबुलेंस बिमार, निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचने को मजबूर मरीज

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: मरीजों को ले जाने वाली 108 एंबुलेंस बिमार, निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचने को मजबूर मरीज


शहडोल, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र स्थित निपानिया में संचालित 108 एंबुलेंस खराब हो गई है। इसके कारण ग्रामीण मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह आपातकालीन एंबुलेंस पिछले कई दिनों से बंद है, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, खराब एंबुलेंस ब्यौहारी स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी है। तकनीकी खराबी के कारण इसका संचालन ठप है और अब तक इसे ठीक कर सेवा में बहाल नहीं किया जा सका है। इस स्थिति के चलते दुर्घटना, प्रसव पीड़ा या अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। निपानिया और आसपास के गांवों में रहने वाले अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिनके लिए निजी वाहन की व्यवस्था करना मुश्किल होता है। एंबुलेंस बंद होने के कारण मरीजों को निजी वाहनों, ऑटो या अन्य साधनों से अस्पताल जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि जिले में संचालित कई 108 एंबुलेंसें अक्सर तकनीकी खराबी का शिकार होती रहती हैं। उनका कहना है कि नियमित रखरखाव और समय पर मरम्मत न होने के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। लोगों ने सुझाव दिया कि आपातकालीन वाहनों की नियमित जांच और तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए ताकि ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि निपानिया की खराब 108 एंबुलेंस को तत्काल ठीक कर पुनः सेवा में लगाया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जिले में संचालित सभी एंबुलेंसों की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story