हरदा : अजनाल नदी किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था बिगड़ी, कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
हरदा : अजनाल नदी किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था बिगड़ी, कार्रवाई की मांग


हरदा : अजनाल नदी किनारे बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था बिगड़ी, कार्रवाई की मांग


हरदा, 07 सितंबर (हि.स.)। हरदा शहर के मानपुरा क्षेत्र में अजनाल नदी के समीप लगने वाले मछली बाजार के आसपास बेतरतीब वाहन पार्किंग स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। नदी किनारे और मुख्य मार्ग पर बैंड-बाजे की बड़ी गाड़ियां तथा ऑटो खड़े किए जाने से सड़क संकरी हो रही है। इससे स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद संजय दिशोरे के अनुसार, इस क्षेत्र में मछली बाजार के कारण पहले से ही आवाजाही अधिक रहती है। इसके बावजूद सड़क किनारे वाहनों के अनियंत्रित खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

मानपुरा स्थित अजनाल नदी क्षेत्र में शादी-विवाह के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है। बैंड-बाजे वाले अपनी बड़ी मालवाहक गाड़ियां सड़क के किनारे खड़ी कर देते हैं। वहीं, सवारी बैठाने के लिए ऑटो चालक भी कई बार बीच सड़क में वाहन रोक देते हैं। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई काफी कम हो जाती है और हर 10 से 15 मिनट में यातायात बाधित होने की स्थिति बन रही है।

अजनाल नदी के पास का यह मार्ग वार्ड क्रमांक 13 को शहर के अन्य प्रमुख हिस्सों से जोड़ता है। ऐसे में यातायात अव्यवस्था का असर बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार जाम के कारण एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों को भी रास्ता निकालने में कठिनाई होती है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी आपात स्थिति में गंभीर समस्या खड़ी हो सकती है।

क्षेत्रीय नागरिकों और दुकानदारों शिव गौर, धर्मवीर भधरेले, बबलूभाई, घनश्याम सहित अन्य लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस अव्यवस्था से परेशान हैं। एक ओर मछली बाजार की भीड़ और दुर्गंध रहती है, वहीं दूसरी ओर सड़क पर खड़े वाहनों के कारण पैदल चलने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती।

स्थायी दुकानदारों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर वाहनों के खड़े रहने से उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने यातायात पुलिस और नगर पालिका प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का सुझाव है कि ऑटो चालकों और बैंड-बाजे की गाड़ियों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए। इसके अलावा मुख्य सड़क तथा अजनाल नदी पुल के आसपास स्पष्ट रूप से नो-पार्किंग क्षेत्र निर्धारित कर संकेतक लगाए जाएं।

पार्षद संजय दिशोरे ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उनका कहना है कि इलाके में सफाई व्यवस्था भी लगातार बिगड़ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है।

हरदा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अशोक कुमार डेहरिया ने कहा कि राजस्व विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जननिरीक्षण किया जाएगा। अवैध निर्माण, अतिक्रमण और बिना अनुमति संचालित किए जा रहे व्यावसायिक कार्यों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशासन को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और उससे यातायात प्रभावित होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थिति की जांच करेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना लगाने के साथ अवैध ढांचों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। अनुविभागीय अधिकारी ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि वे स्वयं अपने अवैध कब्जे हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

Share this story