सागर कलेक्टर का नकल शाखा और अभिलेखागार का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सहायक ग्रेड-3 निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
सागर कलेक्टर का नकल शाखा और अभिलेखागार का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सहायक ग्रेड-3 निलंबित


सागर, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गुरुवार को नकल शाखा एवं अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही और बड़ी संख्या में लंबित प्रकरण मिलने पर उन्होंने सहायक ग्रेड-3 सुधीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्तरों पर फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने शाखाओं की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी अभिलेखों के रखरखाव, प्राप्ति और निराकरण की प्रक्रिया हेतु स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए रोस्टर प्रणाली लागू करने को कहा, ताकि प्रत्येक कार्य की समय-सीमा और उत्तरदायित्व स्पष्ट रहे।

उन्होंने नकल शाखा और लोक सेवा केंद्र के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए। इसके तहत लोक सेवा केंद्र का ऑपरेटर अथवा रनर प्रतिदिन नकल शाखा में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करेगा तथा प्राप्त और लंबित प्रकरणों का विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करेगा, जिससे नियमित निगरानी की जा सके।

अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि नकल शाखा, लोक सेवा केंद्र और अभिलेखागार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए सभी संबंधित शाखाएं समन्वित रूप से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन, एसडीएम अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story