सागरः मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ₹10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
सागरः मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ₹10 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण


सागर, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को सागर जिले के मानकचौक, बसियागंगे, सेमरा चरखरा, बेरखेड़ीभौंती और बामुरा सहित विभिन्न ग्रामों का दौरा कर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा का समग्र और भेदभाव रहित विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार चारों ओर विकास की नई गाथा लिख रही है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक अधोसंरचना के क्षेत्र में जो काम किए जा रहे हैं, उससे आज हमारे गांवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।

मंत्री राजपूत ने विकास की तुलना करते हुए कहा कि यदि वास्तविक तस्वीर देखनी है, तो हमें कुछ दशक पीछे झांकना होगा। एक समय था जब गांवों में पक्की सड़कें, बिजली और पीने के पानी की भारी किल्लत थी। हमारी माताओं-बहनों को पानी के लिए मीलों पैदल चलना पड़ता था। लेकिन आज भाजपा सरकार ने विकास को केवल घोषणाओं तक सीमित न रखकर धरातल पर उतारा है।

क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सुरखी में जल्द ही देहरा बांध परियोजना की शुरुआत होने जा रही है। जिसकी अनुमानित लागत लगभग ₹400 करोड़ इससे 30 से अधिक गांवों के ग्रामीण और हजारों किसान लाभान्वित होंगे। इस परियोजना के पूरा होने से लगभग 23 हजार एकड़ भूमि संचित (सिंचित) होगी, जिससे क्षेत्र में कृषि क्रांति आएगी।

मंत्री राजपूत ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। जो परिवार अभी वंचित हैं, उन्हें भी जल्द लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्रामीण जीवन में व्यापक बदलाव लाने वाली प्रमुख योजनाओं का जिक्र किया, जिनमें शामिल हैं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना (मुफ्त इलाज), उज्ज्वला योजना (रसोई गैस), हर घर जल मिशन (नल-जल योजना), लाड़ली बहना योजना, स्व-सहायता समूहों का सशक्तिकरण आदि।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story