राजगढ़ः 100 दिन से अटकी शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, जेएसओ की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः 100 दिन से अटकी शिकायतों पर कलेक्टर सख्त, जेएसओ की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश


राजगढ़, 19 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सीएम हेल्पलाइन में 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को लेकर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शनिवार को अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागवार और कैटेगरीवार शिकायतों की स्थिति देखी। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत बंद करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतुष्टिपूर्ण समाधान होना चाहिए। बैठक में सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे, जबकि एसडीएम और तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

समीक्षा के दौरान 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने पर ब्यावरा के जेएसओ राजेश मित्तल की एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं बैठक में अनुपस्थित रहने पर नायब तहसीलदार शैलजा मिश्रा को नोटिस जारी करने और कलेक्टोरेट में अटैच करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की 109 लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्या और उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही उसे बंद किया जाए। कलेक्टर ने सभी जेएसओ को शाम के समय कलेक्टोरेट में उपस्थित होकर लंबित शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला आपूर्ति अधिकारी को सभी जेएसओ को बुलाकर प्रभावी निराकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया। ई-गवर्नेंस को 15 से 20 शिकायतों के जवाबों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यह पता चल सके कि पोर्टल पर दर्ज जवाब वास्तविक निराकरण से मेल खाते हैं या नहीं। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लंबित शिकायतों की सूची और नियमानुसार फोर्स क्लोज की जाने वाली शिकायतों की अलग सूची मांगी गई। किसान सम्मान निधि की लंबित शिकायतों की सूची भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story