राजगढ़ः “हर छत पर सकोरा, हर पंख को सहारा”, एबीवीपी का अनोखा जनसेवा अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः “हर छत पर सकोरा, हर पंख को सहारा”, एबीवीपी का अनोखा जनसेवा अभियान शुरू


राजगढ़,23 मार्च (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच नन्हें पक्षियों को जीवनदान देने की पहल करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ब्यावरा इकाई ने “सकोरा अभियान” की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य पक्षियों की प्यास बुझाना और उनके संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।

एबीवीपी नगर मंत्री राकेश सौंधिया ने सोमवार को बताया कि अभियान के तहत परिषद कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न स्थानों, सार्वजनिक क्षेत्रों, परिसरों और महाविद्यालय के आसपास मिट्टी के सकोरे स्थापित किए। उन्होंने प्रतिदिन इन सकोरों में स्वच्छ जल भरने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों, छतों और आसपास सकोरे रखकर इस मानवीय पहल को सफल बनाएं। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि प्रकृति के प्रत्येक जीव का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव का आधार बनते हैं। एक सकोरा कई पक्षियों की जिंदगी बचाने वाला साधन बन सकता है। अभियान में छात्र-छात्राओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर “हर छत, एक सकोरा” का संकल्प दोहराया। नगर मंत्री ने छात्र-छात्राओं व नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान को अपने स्तर पर अपनाकर पक्षी संरक्षण और पर्यावरण बचाने में सक्रिय योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story