राजगढ़ः पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने अपनी पांच सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। पटवारियों ने बस्ता जमा कर तहसीलदार कमलसिंह सोलंकी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों पर सरकार द्वारा ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके विरोध में प्रांतीय आह्वान पर यह आंदोलन शुरू किया गया है। पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू लागू कर वेतन विसंगति दूर करना, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा नियमित कराना, पटवारियों को जन प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करना, स्वामित्व भूमापन, कृषि संगणना, लघु सिंचाई संगणना और फार्मर आईडी जैसे कार्यों का लंबित मानदेय जारी करना तथा संगठन के पदाधिकारियों के नियमविरुद्ध स्थानांतरण पर रोक लगाना शामिल है।

संघ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद आज तक मांगों का निराकरण नहीं हुआ। इसलिए अब आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया गया है। पटवारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के कारण ब्यावरा क्षेत्र में जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, सीमांकन, भूमि नाप-जोख तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पटवारी संघ के अध्यक्ष राधेश्याम अहिरवार, संरक्षक हरीश शर्मा, संयोजक शिवप्रसाद सेन, उपाध्यक्ष प्रवीण शुक्ला एवं सुरेश दांगी, सचिव मांगीलाल भिलाला, कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी, सह-सचिव उपेंद्र नागर एवं संजय शर्मा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी बुलबुल बागी गुप्ता, प्रवक्ता शैलेन्द्र सक्सेना, मीडिया प्रभारी महेश कोटवाल, योगेश यादव सहित बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे। संघ ने कहा कि शासन के कार्यों में हमेशा सहयोग दिया है, लेकिन अब अपने अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story