राजगढ़ः जोखिम ग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को चिन्हित कर शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए-कलेक्टर
राजगढ़, 4 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मिशन वात्सल्य योजना के तहत जोखिम ग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में जिला पंचायत सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डाॅ.गिरीशकुमार मिश्रा द्वारा निर्देशित किया गया कि जिले के जोखिम ग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों का चिन्हांकन किया जाए और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाए।
कलेक्टर द्वारा बाल सरंक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल सगाई सहित अन्य विषयों पर प्रकाश डालते हुए जिले में जागरुकता अभियान चलाए जाने हेतु निर्देश दिए गए साथ ही कहा कि जोखिम ग्रस्त क्षेत्रों में चिन्हित करते समय यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी बच्चा न छूटे और बच्चों को जोखिम से बचाव एवं दूर रखने के लिए नियमित रुप से प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक केएल.बंजारे ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा जोखिम ग्रस्त क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों के साथ ही अन्य बच्चों के लिए नियमित रुप से प्रयास किए जा रहे है, जिनमें मुख्य रुप से बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध, बाल विवाह, बाल श्रम पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही की जाती है।
कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्यामबाबू खरे ने बताया कि किशोर न्याय समिति उच्च न्यायालय द्वारा किशोर अधिनियम 2015 के प्रावधानों के तहत बच्चों की देखरेख एवं संरक्षण के सकारात्मक उपाय के सिद्वांत के अनुसार परिवार एवं समुदाय में सभी संसाधनों को जुटाकर बच्चों की भलाई को बढ़ावा देने एवं जोखिम ग्रस्त बच्चों की पहचान को सुगम बनाने साथ ही एक समावेशी और सक्षम वातावरण तैयार किए जाने हेतु प्रशिक्षण दिया गया है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक अर्घा तिवारी एवं इंदू सारस्वत ने प्रजेंटेशन के माध्यम से बताया कि मिशन वात्सल्य योजना के तहत जोखिम में रहने वाले बच्चों या परिवारों की पहचान कर उन्हें सामाजिक एवं बाल संरक्षण प्रणाली के दायरे में लाया जा सकता है। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, न्याय विभाग, प्रशासन वन स्टाॅप सेंटर के समस्त परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

