मप्र में किसानों को महज 5 रुपये में कृषि बिजली कनेक्शन, घर-घर पहुंचकर दी जा रही योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में किसानों को महज 5 रुपये में कृषि बिजली कनेक्शन, घर-घर पहुंचकर दी जा रही योजनाओं की जानकारी


दतिया, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों को कृषि विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजना का लाभ अब पात्र उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंचाया जा रहा है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के संपर्क अभियान के तहत लाइन स्टाफ गांवों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीण और कृषि उपभोक्ताओं को शासन की विभिन्न विद्युत योजनाओं की जानकारी दे रहा है।

इसी अभियान के दौरान वितरण केंद्र थरेट क्षेत्र में लाइन स्टाफ ने किसान बलवीर यादव को मात्र पांच रुपये में कृषि विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने वाली योजना की जानकारी दी। योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद बलवीर यादव ने इसका लाभ लेने के लिए आवेदन किया।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान को योजना के तहत महज पांच रुपये में कृषि विद्युत कनेक्शन प्रदान किया गया। कनेक्शन मिलने के बाद बलवीर यादव ने शासन और विद्युत विभाग की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों के घर-घर पहुंचकर जानकारी देने से उन्हें इस योजना के बारे में पता चला और वे इसका लाभ उठा सके।

विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, संपर्क अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं की जानकारी पात्र उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक किसान और अन्य विद्युत उपभोक्ता उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें। कंपनी द्वारा उपभोक्ता सेवा और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story