भोपाल में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम आयुक्त सख्त, धूल-मिट्टी हटाने और बाजारों में रात्रिकालीन सफाई के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम आयुक्त सख्त, धूल-मिट्टी हटाने और बाजारों में रात्रिकालीन सफाई के निर्देश


भोपाल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई मित्रों द्वारा सुबह 6 बजे से किए जा रहे सफाई कार्यों पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही सड़कों, फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज, रोटरी और नालियों की बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल झाड़ू लगाने तक सफाई सीमित न रहे, बल्कि धूल-मिट्टी, कचरा और गंदगी को अच्छी तरह हटाकर स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

निगम आयुक्त ने न्यू मार्केट, जैन मंदिर, सेकंड स्टॉप, प्लेटिनम प्लाजा, शिवाजी नगर के पांच नंबर स्टॉप, व्यापम चौराहा और छह नंबर स्टॉप सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्य में उपयोग होने वाले संसाधनों, रोड स्वीपिंग मशीन और जेट स्प्रे मशीन की कार्यप्रणाली के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

न्यू मार्केट में स्टेट बैंक के सामने स्थित पार्किंग स्थल से कचरा और मिट्टी हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा फुटपाथों, सेंट्रल वर्ज और रोटरी के किनारों पर पानी का छिड़काव कर धूल-मिट्टी पूरी तरह साफ कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने सेकंड स्टॉप स्थित जैन मंदिर के सामने सफाई कराने और कचरा तत्काल उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के सामने फुटपाथों पर बने शेड और रखे गए सामान को हटवाकर पैदल यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने पर जोर दिया।

प्लेटिनम प्लाजा के पास स्थित उद्यान और सेंट्रल वर्ज को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, पांच नंबर पेट्रोल पंप के सामने सेंट्रल वर्ज के किनारे जमा धूल-मिट्टी को निगम आयुक्त ने स्वयं फावड़े से उठवाकर सफाई कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान देने का संदेश दिया।

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने पांच नंबर स्थित तालाब की बेहतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसफार्मर के नीचे जमा गंदगी हटाने और वहां रखे गमलों को व्यवस्थित करने को भी कहा।

इसके अलावा व्यापम चौराहे से पालिका भवन और नूतन कॉलेज तक सड़क किनारे जमा धूल-मिट्टी एवं गंदगी हटाने तथा नालियों की व्यवस्थित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सफाई कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

छह नंबर स्टॉप स्थित हॉकर्स कॉर्नर में निगम आयुक्त ने दुकानदारों से बातचीत कर साफ-सफाई बनाए रखने की समझाइश दी। उन्होंने दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने दो-दो गमले रखने के निर्देश भी दिए, ताकि बाजार क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ हरियाली को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने फुटपाथों पर अनावश्यक सामान रखने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

निगम आयुक्त ने अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार के कचरे के पृथक्कीकरण और निष्पादन की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कबाड़ सामग्री का उपयोग कर उपयोगी गमले तैयार करने और बड़े गमलों में बड़े पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गमलों को व्यवस्थित ढंग से रखने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अतिक्रमण दस्ते के प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में सफाई व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखने के लिए धूल-मिट्टी और कचरे का समय पर उठाव, नालियों की नियमित सफाई, बाजारों में रात्रिकालीन सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story