भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई,  दो अवैध बाउंड्रीवाल तोड़ीं

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई,  दो अवैध बाउंड्रीवाल तोड़ीं


भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।

निगम अमले ने अवैध रूप से बनाए गए बांस-बल्ली के शेड, पार्किंग के अस्थायी शेड, नालियों के ऊपर रखी गई फर्शियां, अवैध चबूतरे और आवागमन में बाधक वाहनों को हटाया। इसके अलावा सड़क किनारे रखी भवन निर्माण सामग्री, घरों के बाहर की गई अवैध तार फेसिंग, दुकानों के बाहर रखा सामान तथा फुटपाथ पर लगाई गई सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानों के साथ ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल और कुर्सियां भी हटाई गईं।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कोलार राजहंस कॉलोनी, प्रियंका नगर, 610 क्वार्टर, अंशल ग्रीन कॉलोनी, शाहपुरा, नेहरू नगर चौराहा, भारत माता चौराहा, भदभदा, सूरज नगर, साक्षी ढाबा, नीलबड़, पंचशील नगर, लिंक रोड नंबर 1, 2 और 3, टीटी नगर, एमपी नगर जोन-1 एवं 2, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, एम्स मेट्रो स्टेशन, अमराई, होशंगाबाद रोड-अहमदपुर, श्रीराम कॉलोनी, आशिमा मॉल, सावरकर सेतु, सुभाष नगर, रायसेन रोड, अप्सरा टॉकीज, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, जहांगीराबाद, लिली टॉकीज, रेतघाट, रविंद्र भवन, कमला पार्क, बुधवारा, हमीदिया अस्पताल, एलबीएस अस्पताल, काला दरवाजा, हमीदिया रोड तथा रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर छह सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।

इन स्थानों पर हटाए गए अतिक्रमण

पंचशील नगर में दुकान के बाहर बनाया गया बांस-बल्ली का अवैध शेड हटाया गया। कोलार राजहंस कॉलोनी स्थित प्रेरणा मुखर्जी कॉलेज क्षेत्र में सड़क पर रखी भवन निर्माण सामग्री हटाई गई। कोलार के प्रियंका नगर में घर के बाहर लगी अवैध तार फेसिंग को हटाया गया। अंशल ग्रीन कॉलोनी में नाले के ऊपर बनाए गए अस्थायी पार्किंग शेड को हटाया गया।

इसी तरह अशोका गार्डन में नाली के ऊपर रखी गई फर्शियां हटाई गईं, जबकि एमपी नगर जोन-2 में यातायात में बाधक बने पांच चार पहिया वाहनों को हटवाया गया। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी दुकानों के बाहर रखा सामान और फुटपाथ पर लगाई गई अस्थायी दुकानें हटाई गईं।

दो अवैध बाउंड्रीवाल तोड़ीं

निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में भी सहयोग किया। आशिमा मॉल, गणेश नगर में जेसीबी मशीन की मदद से एक भवन का आंशिक ध्वस्तीकरण किया गया। वहीं खानूगांव तालाब के किनारे कैचमेंट क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई दो बाउंड्रीवाल को तोड़ने की कार्रवाई की गई।

निगम अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story