भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, ठेले-गुमठियों सहित कई सामग्री जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई जारी, ठेले-गुमठियों सहित कई सामग्री जब्त


भोपाल, 11 जून (हि.स.)। नगर निगम भोपाल द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण हटाए तथा बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान भारत माता चौराहा, सूरजनगर, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड क्रमांक-1, 2 और 3, न्यू मार्केट, प्रोफेसर कॉलोनी, अशोका गार्डन, नवीन नगर, बागसेवनिया, अवधपुरी, अरेरा कॉलोनी, एमपी नगर, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, लालघाटी सहित कई इलाकों में अतिक्रमण हटाया गया।

निगम अमले ने शिकायतों के निराकरण और नियमित अभियान के तहत ठेले, सब्जी दुकानें, चाय-नाश्ते के अस्थायी ढांचे, नाली पर रखी फर्शियां, दुकानों के बाहर रखा सामान, बांस-बल्ली, कबाड़ एवं निर्माण सामग्री हटवाई। इसके अलावा अवैध रूप से निर्मित झुग्गी, चबूतरे और शेड भी हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान लालघाटी क्षेत्र से तीन कबाड़ वाहन, एमपी नगर जोन-2 से पांच चार पहिया वाहन तथा प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र से दस दोपहिया और पांच चार पहिया वाहन हटाए गए। अशोका गार्डन, प्रियदर्शनी नगर और दशहरा मैदान क्षेत्र में अवैध चबूतरों को तोड़ा गया, जबकि नवीन नगर में एक अवैध झुग्गी हटाई गई।

निगम दस्ते ने अभियान के दौरान एक गन्ने की चरखी, दो लाइट बॉक्स, 15 फाइबर कुर्सियां, चार स्टूल, सात तिरपाल, एक लोहे का स्टैंड, एक फाइबर ड्रम, एक फोल्डिंग टेबल, एक भट्टी, तीन ठेले, 18 कैरेट और एक गुमठी सहित अन्य सामान जब्त किया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story