भोपाल में निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, बड़ी मात्रा में सामान जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, बड़ी मात्रा में सामान जब्त


भोपाल, 7 अगस्त (हि.स.)। भोपाल में नगर निगम ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के विरुद्ध अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से निर्मित एक कच्चा चबूतरा हटाया गया, सर्विस रोड पर बंद रास्ता खुलवाया गया तथा सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाकर बड़ी मात्रा में सामान जब्त किया गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान गांधी नगर क्षेत्र में अवैध रूप से बना कच्चा चबूतरा तोड़ा गया तथा अयोध्या बायपास स्थित डाकघर के सामने सर्विस रोड पर अवरुद्ध मार्ग को खुलवाया गया।

अभियान के दौरान बाग फरहत अफजा क्षेत्र से आवागमन में बाधा बन रहे चार चारपहिया वाहनों को हटाया गया। इसके अलावा गिन्नौरी क्षेत्र से एक चारपहिया वाहन तथा ओल्ड सुभाष नगर से एक आइसक्रीम ठेला भी हटाया गया।

नगर निगम की टीम ने कोलार, ललिता नगर, बंजारी, जेके अस्पताल, दानिश चौराहा, नेहरू नगर, माता मंदिर, भारत माता चौराहा, सैर सपाटा, भदभदा, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, न्यू मार्केट, टीटी नगर, रेतघाट, श्यामला हिल्स, पॉलीटेक्निक, पुल बोगदा, हमीदिया रोड, रॉयल मार्केट, कोहेफिजा, भोपाल टॉकीज, अशोका गार्डन, रायसेन रोड, पिपलानी, सोनागिरी, आनंद नगर, अयोध्या बायपास, एयरपोर्ट रोड और गांधी नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए।

कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान, फुटपाथ पर लगी सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानें, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। निगम अमले ने मौके से 10 कुर्सियां, 14 टेबल, 8 प्लास्टिक स्टूल, 4 लोहे की बेंच और 30 प्लास्टिक पन्नियां सहित अन्य सामग्री जब्त की।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात और आमजन की सुविधा बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story