भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, ठेले-गुमठी समेत वाहन जब्त; तीन संपत्तियां सील

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, ठेले-गुमठी समेत वाहन जब्त; तीन संपत्तियां सील


भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, ठेले-गुमठी समेत वाहन जब्त; तीन संपत्तियां सील


भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को व्यापक कार्रवाई की। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन से मिली शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित कार्रवाई के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अस्थाई झुग्गियां, अवैध चबूतरे, नालियों के ऊपर रखी फर्शियां, आवागमन में बाधक वाहन, फूड वेन, भवन निर्माण सामग्री और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, टेबल, स्टैंड, स्टूल और एक ओमनी वैन सहित अन्य सामान जब्त किया गया।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दलों ने कोलार सनखेड़ी, कटारा अटलांस, होशंगाबाद रोड 11 मील, समरधा, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, एमपी नगर जोन-2, 1100 क्वार्टर, शाहपुरा, शैतान सिंह चौराहा, बिट्टन मार्केट, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, नेहरू नगर चौराहा, भदभदा, सूरज नगर, नीलबड़, रंगमहल, टीटी नगर, मॉडल स्कूल, काटजू अस्पताल, वल्लभ भवन, एमएलबी कॉलेज, गिन्नौरी, पीरगेट, रॉयल मार्केट, हमीदिया रोड, न्यू कबाड़खाना, इब्राहिमगंज, बाग फरहत अफजा, अशोका गार्डन, प्रभात चौराहा, परिक्रमा पार्क, रायसेन रोड, बरखेड़ा पठानी, अयोध्या बायपास, बागसेवनिया और कृष्णा आर्केड सहित कई इलाकों में कार्रवाई की।

1100 क्वार्टर क्षेत्र से अवैध रूप से बनाई गई बांस-बल्ली की एक अस्थाई झुग्गी हटाई गई। इब्राहिमगंज क्षेत्र में 10 घरों के सामने नाली के ऊपर बनाए गए अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। पीरगेट क्षेत्र से सीमेंट का बड़ा पाइप हटाया गया। अशोका गार्डन के सेठी नगर में भवन निर्माण सामग्री तथा बरखेड़ा पठानी सर्विस रोड से बांस-बल्ली और भवन निर्माण सामग्री हटाई गई।

निगम अमले ने कोलार सनखेड़ी क्षेत्र में आवागमन में बाधक पांच चार पहिया वाहन हटाए। शैतान सिंह चौराहे से चार दोपहिया वाहन तथा गिन्नौरी क्षेत्र से एक तंबू और 15 चार पहिया वाहन हटाए गए। बागसेवनिया स्थित कृष्णा आर्केड क्षेत्र से एक फूड वेन भी हटाई गई।

निगम की कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान और फुटपाथ पर लगने वाली सब्जी, चाय-नाश्ते तथा फल की दुकानों समेत विभिन्न प्रकार के अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई में तीन ठेले, एक गुमठी, एक टेबल, एक जूते का स्टैंड, आठ फाइबर स्टूल और एक ओमनी वैन जब्त की गई। इसके अलावा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन में बाधा बनने वाले अन्य सामान और अस्थाई संरचनाओं को भी हटाया गया।

अतिक्रमण निरोधक अमले ने भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में भी सहयोग किया। अवधपुरी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक फैक्ट्री सहित कुल तीन संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई की गई। निगम के अनुसार शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story