भोपाल नगर निगम ने शहरभर में हटाए अतिक्रमण, सामान भी जब्त

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल नगर निगम ने शहरभर में हटाए अतिक्रमण, सामान भी जब्त


भोपाल, 28 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दल ने सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित कार्रवाई के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए। इस दौरान अवैध छप्पर, बाउंड्रीवाल, लोहे की जालियां, चबूतरे, आवागमन में बाधक वाहन, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल, कुर्सियां, टेबल और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। फुटपाथों पर लगाई गई सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान आठ ठेले जब्त किए गए।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते की अलग-अलग टीमों ने 1100 क्वार्टर, बिट्ठल मार्केट, 07 नंबर स्टॉप, नेहरू नगर एवीएम स्कूल, हजेला अस्पताल, कोटरा नया बसेरा, माता मंदिर, गौरागांव सूरज नगर, लिंक रोड नंबर-1, 2 और 3, न्यू मार्केट, वल्लभ भवन, मिंटो हॉल, जहांगीराबाद, एमपी नगर जोन-2, आईएसबीटी, रायसेन रोड अप्सरा, रायसेन रोड राम मंदिर, हथाईखेड़ा, अवधपुरी तुलसी परिसर, अवधपुरी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी रोड, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, सेमरा, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1, रॉयल मार्केट, ईदगाह हिल्स, लालघाटी सुदिति अस्पताल, लालघाटी गुफा मंदिर, दाता कॉलोनी, लालघाटी ब्रिज, बैरागढ़ गुरुद्वारा और बैरागढ़ चिरायु अस्पताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।

बैरागढ़ भैंसाखेड़ी क्षेत्र में निगम अमले ने दो अस्थाई छप्पर हटाए। नेहरू नगर स्थित हजेला अस्पताल के सामने अवैध रूप से लगाई गई लोहे की जालियों को हटाया गया। वहीं गौरागांव सूरज नगर क्षेत्र में सीवेज लाइन के ऊपर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल को हटाया गया।

सेमरा और हथाईखेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों को हटाने की कार्रवाई की गई। अवधपुरी क्षेत्र में आवागमन में बाधक दो चार पहिया वाहन और भवन निर्माण सामग्री हटाई गई। अवधपुरी श्रीराम कॉलोनी में अस्थाई तार फेसिंग को हटाया गया। लालघाटी गुफा मंदिर क्षेत्र में सोसायटी का बंद गेट भी खुलवाया गया।

नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण कर लगाए गए ठेले, गुमठियां, पान पार्लर और काउंटर सहित दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। इसके अलावा सड़क और फुटपाथ पर रखे बोर्ड, स्टूल, कुर्सी और टेबल भी हटाए गए। फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाई गई फल, सब्जी और कपड़ों की दुकानों के अतिक्रमण भी हटाए गए।

निगम के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई। कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने अतिक्रमण में उपयोग किए जा रहे आठ ठेले जब्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story