नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, बरमान घाट का रिपटा पुल डूबा; घाटों पर सुरक्षा बढ़ाई

WhatsApp Channel Join Now
नर्मदा का जलस्तर बढ़ा, बरमान घाट का रिपटा पुल डूबा; घाटों पर सुरक्षा बढ़ाई


नरसिंहपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरगी बांध से छोड़े जा रहे पानी के कारण नर्मदा नदी में भी उफान की स्थिति बन गई है। नरसिंहपुर जिले के बरमान में नर्मदा नदी पर बना रिपटा पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है।

भगवान ब्रह्मा की तपोभूमि माने जाने वाले बरमान घाट पर स्थित रिपटा पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं सतधारा घाट के पुल पर भी जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र नागेश के निर्देश पर सुरक्षा बलों को घाटों पर तैनात किया गया है। छह जवानों को मौके पर मुस्तैद किया गया है, जो लगातार घाटों पर पहुंच रहे लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर जाने की समझाइश दे रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नर्मदा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी और उसके आसपास के जलमग्न क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों के निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

Share this story