नरसिंहपुरः मोदी सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर चला स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुरः मोदी सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर चला स्वच्छता अभियान


नरसिंहपुर, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बुधवार को केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को नर्मदा तट स्थित ब्राह्मण घाट में विशेष स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल तथा जिला भाजपा अध्यक्ष रामस्नेही पाठक सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मिलकर नर्मदा तट पर सफाई अभियान चलाया तथा घाट परिसर में फैली गंदगी एवं प्लास्टिक कचरे को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दे। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलिथीन का उपयोग कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए निर्मित हो रहे आश्रय स्थल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण का संकल्प लिया पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है।

जिला भाजपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जनसंपर्क, स्वास्थ्य शिविर एवं सामाजिक सेवा से जुड़े विभिन्न आयोजन शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

Share this story