झाबुआ: धूमधाम से मनाया गया श्रीराम नवमी महोत्सव, श्रृंगारित हुए मंदिर, केसरिया रंग में रंगे गांव नगर
झाबुआ, 27 मार्च (हि.स.)। भगवान् श्री राम के प्राकट्य महोत्सव चैत्र शुक्ल नवमी के मङ्गलमय अवसर पर मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले में सब तरफ अभूतपूर्व हर्षोल्लास का वातावरण रहा। जिला मुख्यालय सहित नगरीय इलाकों ओर ग्रामीण अंचलों में सब ओर जय श्री राम का दिव्यतम और और कर्ण प्रिय नाम सुनाई दिया।
श्री रामनवमी के मौके पर शुक्रवार को भगवान् श्रीराम श्रीकृष्ण और श्रीविष्णु मंदिरों में परंपरागत रूप से जहां ब्रह्म वैला में अभिषेक किया गया, वहीं जगह जगह धूमधाम से शोभायात्रा सहित रैलियां भी निकाली गई। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थित मंदिरों में दर्शनार्थ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर मंदिरों में जहां आकर्षक सजावट की गई, वहीं नगर गांव के गली मोहल्लों में केसरिया ध्वज भी लहलराए गए। नवरात्र पर जिले में कई स्थानों पर परंपरागत रूप से श्रीरामचरितमानस का पारायण किया जाता है, जो इस वर्ष भी जारी रहा। आज हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी का समापन हो गया।
भगवान् श्री राम के प्राकट्योत्सव श्रीराम नवमी के दिव्य एवं परम पावन अवसर पर जिला मुख्यालय सहित नगरीय इलाकों ओर ग्रामीण अंचलों में आज शुक्रवार को बड़े ही हर्षोल्लास का वातावरण छाया रहा। जिला मुख्यालय के राजबाड़ा स्थित अतिप्राचीन श्री राम मंदिर, श्री चारभुजा नाथ मंदिर श्रीसत्यनारायण मंदिर, श्री गोवर्धननाथजी की हवेली मंदिर, थांदला में भक्त मलुकदास महाराज द्वारा स्थापित श्रीराम मंदिर, अति प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, ग्राम परवलिया में श्री रणछोड़ राय मंदिर, बामनिया में रेलवे स्टेशन के पास पहाड़ी पर बिरला द्वारा निर्मित श्री वनवासी राम मंदिर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर वैष्णव मंदिरों में आज प्रातः काल से ही पूजा अर्चना एवं अभिषेक का सिलसिला आरंभ हो गया। इस अवसर पर पुरूसुक्त के वैदिक आवर्तन से भगवान् का अभिषेक किया गया, तथा श्रीविष्णु सहस्त्रनाम स्तोत्र एवं श्री राम रक्षा स्तोत्रका पाठ किया गया। कुछ मंदिरों में श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का भी पाठ किया गया। इस मौके पर आज सबेरे से ही अधिकांश मंदिरों में भजन का क्रम शुरू हो गया था,जो मध्याह्न काल तक जारी रहा, और जैसे ही दोपहर बारह बजे का समय हुआ, भगवान् श्री राम के जय जय कार के साथ शंख और घंटियों की कर्ण प्रिय ध्वनि गुंजायमान हो गई, और भगवान् की आरती उतारी जाने लगी। आरती के उपरांत भए प्रकट कृपाला दीन दयाला कौसल्या हितकारी एवं श्रीराम चंद्र कृपालु भजमन की स्तुति का सस्वर गायन किया गया।
जिले के अनुविभागीय मुख्यालय थान्दला में युवा रामायण मंडल द्वारा नव दिवसीय हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी का आज समापन हो गया। प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्र पर गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो मधुर संकीर्तन गायन करते हुए नगर में निकाली जाने वाली प्रभात फेरी ने आज 28 वर्ष पूरे कर लिए। युवा रामायण मंडल थांदला द्वारा नवरात्र में नो दिनों तक हरिनाम संकीर्तन प्रभातफेरी के पश्चात् श्रीराम मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन सुबह नीम रस से निर्मित स्वास्थ्यवर्धक पेय भी प्रसादी के रूप में वितरित किया जाता है।
मंडल के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रभात फेरी के संयोजक ओमप्रकाश शर्मा ने हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी को धर्म जागरण एवं ईश्वर भक्ति की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताते हुए हिंदुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी को कहा कि आरंभ में कुछ ही युवकों द्वारा सहभागिता ने आज वृहद मुकाम हासिल कर लिया है। शर्मा ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन रैली के उपरांत नवरात्र में रोजाना औषधि युक्त नीम के रस का प्रसाद भी श्रद्धालु जनों को वितरित किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

