झाबुआ: अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मौके पर श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का हुआ सस्वर पाठ
झाबुआ, 1 दिसंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर सोमवार को मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला मुख्यालय स्थित कन्या विद्यालय में श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का सस्वर पाठ किया गया। इस मौके पर स्कूली बालिकाओं सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के आरंभ में भगवान् श्री कृष्ण के चित्र एवं श्रीमद्भगवद्गीता की विधिवत पूजा अर्चना की गई। आयोजित कार्यक्रम में श्रीमद्भगवद्गीता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गीता को कर्मयोग का प्रेरक और जीवन का सच्चा मार्ग दर्शक निरूपित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत गीता जयंती के मौके पर जिला प्रशासन एवं गीता प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान मे जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्रीमद्भगवद्गीता के 15 वें अध्याय का सस्वर पाठ गीता प्रतिष्ठान के प्रहलाद जोशी एवं प्राचार्य, पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्रीमती सीमा त्रिवेदी द्वारा किया गया, जबकि ग्राम अध्याय का भावार्थ जैमिनी शुक्ला ने प्रस्तुत किया।
आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रन्थ नहीं, बल्कि जीवन का व्यवहारिक मार्गदर्शक है। गीता का ज्ञान हमें कर्तव्यपालन, आत्मानुशासन और कर्मयोग की प्रेरणा देता है। ऐसे महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ती है, बल्कि जीवन में धैर्य, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश भी मिलता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में चरित्र निर्माण एवं संस्कारों का संवर्धन होता है, जो भविष्य निर्माण का आधार है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी. एस. सोलंकी, एसडीएम झाबुआ भास्कर गाचले, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी आर. एस. बामनिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी, विद्यालयीन स्टाफ, छात्राएं एवं प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

