जबलपुर : जनसुनवाई में कमिश्नर ने मौके पर ही कराया शिकायतों का निपटारा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : जनसुनवाई में कमिश्नर ने मौके पर ही कराया शिकायतों का निपटारा


जबलपुर : जनसुनवाई में कमिश्नर ने मौके पर ही कराया शिकायतों का निपटारा


जबलपुर 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार भी पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया।

निगमायुक्त ने लगातार दो घंटे तक नागरिकों की समस्याओं को सुना और प्राप्त सभी 48 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी आवेदक काम कराकर चेहरों पर मुस्कान लेकर लौटे।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 48 शिकायतें भवन शाखा, अतिक्रमण विभाग, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग, कॉलोनी सेल, लेखा शाखा एवं उद्यान विभाग, जल, संपदा, आवास योजना, बाजार, कार्यालय अधीक्षक, फायर एवं संभाग शामिल है, प्राप्त हुईं।

निगमायुक्त अहिरवार ने बिना समय गंवाए सभी शिकायतों को संबंधित विभागों में प्रेषित किया। इसमें से राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर आवेदकों को तुरंत राहत पहुंचाई गई।

मुख्यालय के साथ-साथ नगर निगम के सभी संभागीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का प्रभावी दौर चला। संभाग स्तर पर कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए। संभागीय अधिकारियों ने सक्रियता दिखाते हुए सभी 64 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही सुनिश्चित किया, जिससे नागरिकों को मुख्यालय के चक्कर काटने से मुक्ति मिली।

निगमायुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर और त्वरित निवारण ही हमारी प्राथमिकता है। सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवेदनों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story