जबलपुरः निगमायुक्त ने किया 'स्वच्छता श्रमदान,बाबा साहेब की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः निगमायुक्त ने किया 'स्वच्छता श्रमदान,बाबा साहेब की जयंती पर दी श्रद्धांजलि


जबलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार को डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रानीताल स्थित सर्वोदय नगर बस्ती में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं झाड़ू थामकर सफाई श्रमदान अभियान की अगुवाई भी की।

जयंती समारोह के दौरान निगमायुक्त ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, बल्कि एक संस्कार है। इसी कड़ी में उन्होंने सर्वोदय नगर बस्ती में सफाई अभियान चलाया, जिसमें निगम के अमले के साथ स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

श्रमदान के पश्चात निगमायुक्त अहिरवार सीधे रानीताल मुक्तिधाम पहुँचे, जहाँ उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

अंतिम संस्कार में शामिल होने आने वाले परिजनों की सुविधा के लिए पानी और बैठने के इंतजामों को और बेहतर करने की बात कही। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था के लिए शाम के समय पर्याप्त लाइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story