जबलपुरः नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अतिक्रमण व गंदगी के विरुद्ध चला संयुक्त अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः नगर निगम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अतिक्रमण व गंदगी के विरुद्ध चला संयुक्त अभियान


जबलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुगम यातायात से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोयल के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा व्यापक अभियान चलाकर सख्त दंडात्मक एवं सुधारात्मक कार्रवाई की गई।

उक्त कार्रवाई नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोयल की विशेष उपस्थिति में योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड एवं स्टेडियम परिसर के चारों ओर संचालित की गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर बेतरतीब एवं गलत तरीके से खड़े किए गए वाहनों को संयुक्त दल द्वारा तत्काल जब्त किया गया।

इस कार्रवाई से लंबे समय से लग रहे जाम से आम नागरिकों एवं राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। इसके अतिरिक्त, स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले तथा आसपास गंदगी फैलाने वाले स्थानीय होटल एवं रेस्तरां संचालकों के विरुद्ध 'ऑन-द-स्पॉट फाइन' मौके पर चालान की सख्त कार्रवाई की गई।

संयुक्त कार्रवाई में नगर निगम मजिस्ट्रेट अरुण कुमार गोयल के साथ सहायक अतिक्रमण अधिकारी टिपेंद्र रावत, अतिक्रमण दल, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोलाराव, अनंत दुबे, प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक किशन दुबे एवं स्वच्छता टीम, पुलिस बल तथा ट्रैफिक पुलिस बल की मुस्तैद उपस्थिति एवं सराहनीय सहयोग रहा।

नगर निगम मजिस्ट्रेट द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण तथा गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध इस प्रकार का अभियान निरंतर जारी रहेगा। आम नागरिकों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अपना नागरिक सहयोग प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story