जबलपुरः करंट हादसों को रोकने बिजली विभाग का बड़ा अभियान, 30 टीमें मैदान में उतरीं

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः करंट हादसों को रोकने बिजली विभाग का बड़ा अभियान, 30 टीमें मैदान में उतरीं


जबलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विद्युत विभाग ने शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस के साथ मिलकर शहर में व्यापक सुरक्षा अभियान शुरू किया है।

अभियान के तहत 30 विशेष टीमों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक साथ कार्रवाई करते हुए बिजली के खंभों पर फैले अव्यवस्थित केबलों को हटाया। इसके अलावा खुले डीपी और ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा जालियां लगाई गईं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा के अनुसार, अभियान का नेतृत्व मुख्य अभियंता सरोज गिरिया, अधारताल एसडीएम एमबी रघुवंशी, तहसीलदार रंजना यादव और नगर निगम के कार्यपालन यंत्री लोनारे ने किया। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां बिजली के तार और केबल दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

विद्युत विभाग का मैदानी अमला पिछले एक सप्ताह से दो पालियों में काम कर रहा है। दिन के समय तकनीकी टीमें ढीले बिजली के तारों को कसने, नीचे लटक रही केबलों को निर्धारित ऊंचाई तक उठाने और बिजली के खंभों पर लगे कटआउट, फ्यूज सहित अन्य उपकरणों की जांच व मरम्मत में जुटी हैं।

वहीं, शाम होते ही टीमें पूजा पंडालों का निरीक्षण कर रही हैं। आयोजकों को वैध अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने, पंडालों को ओवरहेड बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी पर रखने और मजबूत अर्थिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य पूजा और उत्सव के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है।

अभियान के दौरान शहर के उन संकरे बाजारों और रास्तों को प्राथमिकता दी गई, जहां नवरात्र में देवी दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभों पर निजी संचार कंपनियों और केबल ऑपरेटरों के तारों के गुच्छे लटकते मिले। भीड़भाड़ के बीच ऐसे तार करंट फैलने और आग लगने जैसी घटनाओं का जोखिम बढ़ा सकते हैं।

तकनीकी अमले ने कटर की मदद से बिना अनुमति लगाए गए केबलों को खंभों से अलग कर रास्तों को सुरक्षित बनाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही दुर्घटना की आशंका वाले 100 से अधिक ट्रांसफार्मरों को लोहे की जाली से घेरकर सुरक्षित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story